बांसवाड़ा : लालीवाव मठ में अनुष्ठानों एवं यज्ञ की धूम रही

हनुमान मंत्रों से मारुति अभिषेक, चार दिवसीय मारुति यज्ञ की पूर्णाहुति
महा आरती एवं कीर्तन परिक्रमा में उमड़ा श्रद्धा का ज्वार

बांसवाड़ा, 01 फरवरी/लालीवाव मठ में चल रहे पांच दिवसीय महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान तथा श्री हनुमान कथा के आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए संत-महात्माओं के साथ ही श्रद्धालुओं का भक्तिभाव परवान पर रहा।

प्राच्यविद्यामर्मज्ञ ब्रह्मषि पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में हुए अनुष्ठानों एवं यज्ञ में लालीवाव पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदास महाराज, मानसमर्मज्ञ संत श्री देवशरणजी महाराज(अयोध्या), महंत श्री शिवदास महाराज(झालावाड़), बरड़िया नाल हनुमान धाम, प्रतापगढ़ की महंत प्रयोगदास महाराज, माधवदास महाराज(वृन्दावन), सियारामदास महाराज, शान्तिलाल भावसार, पं. मधुसूदन व्यास, विमल भट्टए पं. रामजी भारद्वाज (कन्नौज), जीवतराम आदि ने हिस्सा लिया।

हनुमान मंत्रों से श्री मारुति अभिषेक-गुरुवार सवेरे मठ परिसर स्थित श्री हनुमान मन्दिर में षोड़शोपचार से पूजा-अर्चना के उपरान्त हनुमानजी पर हनुमान मंत्रों से सुगन्धित तैलाभिषेक किया गया, हनुमान चालीसा के सामूहिक गान एवं महा आरती विधान हुआ। इसमें हनुमान भक्तों विशाल जोशी, प्रवीण गुप्ता, पं. कुशाग्र भट्ट, मनीष माहेश्वरी, पंकज उपाध्याय, पं. समरथ मेहता(नीमच), पं. सुभाष शर्मा आदि ने भाग लिया।

श्री मारुति यज्ञ की पूर्णाहुति-मठ परिसर में चल रहे श्री मारुति यज्ञ के अन्तर्गत गुरुवार को पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में हनुमान सहस्रनाम तथा मारुति मंत्रों आदि से यज्ञ में आहुतियों का क्रम पूर्ण होने के बाद लालीवाव पीठाधीश्वर श्रीमहंत हरिओमदास महाराज ने श्रीफल पूर्णाहुति समर्पित की और हनुमानजी की आरती उतारी। श्री मारुति यज्ञ में पं. मधुसूदन व्यास, पं. मुकेश त्रिवेदी, पं. मनोज नरहरि भट्ट, रमेश आर. भट्ट, भंवर गर्ग, दिलीप अधिकारी, विमल भट्ट, प्रवीण गुप्ता आदि ने हिस्सा लिया तथा मंत्रोच्चार से स्वाहाकार किया।

ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या सम्मानित-लालीवाव पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदास महाराज ने धर्म-अध्यात्म आयोजनों एवं संस्कृति रक्षा में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय भागीदारी के लिए श्री पद्मनाभ प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में जाने-माने प्राच्यविद्याविद् ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनकी सेवाओं की सराहना की।

कलियुग में हनुमान आराधना सद्य फलदायी-मठ परिसर के सत्संग भवन में चल रही श्री हनुमत्कथा में कथावाचक, मानसमर्मज्ञ श्री देवशरणजी (अयोध्या) ने भगवान श्री हनुमानजी की उपासना और भक्ति से संबंधित विभिन्न प्रसंगों पर कथा श्रवण कराते हुए कहा कि कलियुग में भगवान श्री हनुमानजी का स्मरण, कीर्तन और साधना शीघ्र फल देने वाली है। अकेले हनुमानजी का भजन कर लिए जाने पर सारे संकटों, कष्टों और अभावों का नाश होने के साथ ही जीवन में बहुविध ऐश्वर्य प्राप्त होता है।

श्री हनुमत्कथा में समरथ मेहता(नीमच), भैरूलाल (जलोदा), महेश आदि ने वाद्यों पर संगत की जबकि आरंभिक पूजन-अर्चन पं. सुभाष शर्मा(मनासा) ने किया।

जगद्गुरू रामानंदाचार्य जयंती शुक्रवार को धूमधाम से मनाई जाएगी,
बांसवाड़ा शहर में निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा

बांसवाड़ा, 1 फरवरी/लालीवाव मठ में श्रीमहंत नारायणदासजी महाराज की पुण्य तिथि एवं जगद्गुरु स्वामी श्री रामानन्दाचार्यजी महाराज की 724 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव 2 फरवरी, शुक्रवार अपराह्न सम्पन्न होगा।

लालीवाव पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने बताया कि जगद्गुरु स्वामी श्री रामानन्दाचार्यजी महाराज की 724 वीं जयन्ती पर शुक्रवार को प्रातः 10 बजे गांधी मूर्ति स्थित पृथ्वी क्लब से शोभायात्रा निकलेगी, जो शहर से प्रमुख मार्गों से होते हुए लालीवाव मठ पहुंचकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में विभिन्न समाजों, धार्मिक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि, संत-महंत एवं साधुगण तथा भक्तगण शामिल होंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!