वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति की साधारण सभा की वार्षिक बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम का आह्वान
-18 जून 2026 को ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध की 450वीं वर्षगांठ को राष्ट्रगौरव के रूप में मनाने का संकल्प
-आगामी दो वर्ष की कार्यकारिणी के चुनाव सम्पन्न, प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा पुनः अध्यक्ष निर्वाचित
उदयपुर, 28 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने आह्वान किया है कि महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्रनिष्ठ विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का पथ प्रशस्त करना समय की आवश्यकता है। हर कार्यकर्ता घर-घर तक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के आदर्शों को पहुंचाने के लिए पूर्ण प्रयत्नों के साथ जुट जाएं।
वे यहां बीती शाम वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति की साधारण सभा की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। समिति के वरिष्ठ सदस्य के नाते उन्होंने समिति को अधिक सक्रिय, ऊर्जावान तथा युवा शक्ति से जोड़ने पर विशेष बल दिया और आगामी 18 जून 2026 को हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों को भव्य, ऐतिहासिक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने का आह्वान किया।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ को संचालित करने वाली वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति की बैठक प्रताप गौरव केन्द्र के पद्मिनी सभागार में समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प व्यक्त किया गया कि 18 जून 2026 को ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध की 450वीं वर्षगांठ को राष्ट्रगौरव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर शोधपरक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं, व्याख्यानमाला, युवा सम्मेलन, ऐतिहासिक प्रदर्शनी, स्मृति समारोहों की श्रृंखला तथा जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे। सीए महावीर चपलोत ने इन आयोजनों के लिए क्राउड फंडिंग के माध्यम से जनसहयोग जुटाने का सुझाव रखा, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में ओंकार सिंह लखावत, कैलाश सोढ़ानी, डॉ. देव कोठारी, डॉ. मन्नालाल रावत, पारस सिंघवी, गोविंद सिंह टांक, मुरलीधर, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह राठौड़, हनुमान सिंह राठौड़ तथा अनुराग सक्सेना सहित कई सदस्यों ने सहभागिता की। समिति के वर्ष भर के कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन महामंत्री पवन शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रप्रेरक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कोषाध्यक्ष अशोक पुरोहित ने समिति की वित्तीय स्थिति से अवगत कराते हुए आगामी वर्ष का बजट प्रस्तुत किया।
आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन:
साधारण सभा में ही आगामी दो वर्षों के लिए चुनाव हुए। अध्यक्ष पद पर प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा पुनः निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया मदन मोहन टांक द्वारा चुनाव अधिकारी के रूप में सम्पन्न कराई गई। निर्वाचित होने के पश्चात अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने आगामी दो वर्षों के लिए कार्यकारिणी की घोषणा की। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में सुभाष भार्गव, सुहास मनोहर, अशोक पुरोहित, पवन शर्मा तथा पारस सिंघवी को दायित्व प्रदान किया गया। महामंत्री का दायित्व दीपक कुमार शुक्ल संभालेंगे। कोषाध्यक्ष के रूप में डॉ. महावीर चपलोत सीए नियुक्त हुए हैं। मंत्री पद पर प्रो. मदन सिंह राठौड़ तथा रमन सूद रहेंगे। प्रचार मंत्री का दायित्व जयदीप आमेटा को सौंपा गया है। सदस्य के रूप में चंद्रगुप्त सिंह चौहान, प्रो. अनिल कोठारी, प्रो. गायत्री स्वर्णकार, डॉ. मन्नालाल रावत, श्री अभय सिंह राठौड़, नरेन्द्र मीणा तथा श्रीमती रुचि श्रीमाली कार्यकारिणी में सम्मिलित रहेंगे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम के मार्गदर्शन को समिति की आगामी दिशा का आधार बताते हुए उनके विचारों को क्रियान्वित करने का संकल्प दोहराया। वन्देमातरम् के साथ बैठक का समापन हुआ।
