कल्याणपुर में नई पंचायत समिति गठन से विकास को मिली नई दिशा
कल्याणपुर। जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और आदिवासी क्षेत्रों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–विकसित गांव संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पंचायतों के पुनर्गठन तथा नई पंचायत समितियों के गठन से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। वे सोमवार को खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर में नई पंचायत समिति गठन के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल अभिनंदन सभा को संबोधित कर रहे थे। मंत्री खराड़ी ने कहा कि कांग्रेस राज में आदिवासी क्षेत्रों की हमेशा उपेक्षा हुई, जबकि भाजपा सरकार ने सर्वाधिक बजट आदिवासियों और गांवों के लिए दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक नानालाल अहारी के विशेष प्रयासों से कल्याणपुर में नई पंचायत समिति का गठन संभव हुआ, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
चार करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
सभा से पूर्व मंत्री खराड़ी ने क्षेत्र में करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
इनमें प्रमुख रूप से—
1.80 करोड़ से कागदर भाटिया में अटल पथ,
30 लाख से कानुवाडा से चिकला तक सड़क,
1.10 करोड़ से भुदर से माकड जप्पा सड़क,
1.20 करोड़ से गरनाला से आरएसएमएम रोड भाउआ तक सड़क,का शिलान्यास शामिल है।
इसके अतिरिक्त राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गरनाला में नवनिर्मित दो कक्षा कक्षों का उद्घाटन भी किया गया।
मंत्री खराड़ी ने 90 लाख रुपए की लागत से खाममिन पंचायत में पलात फला से बलेवड़ी तक बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया।
पुष्पवर्षा और बैंड-बाजों के साथ हुआ भव्य स्वागत-समारोह में मंत्री खराड़ी, पूर्व विधायक नानालाल अहारी और भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और बैंड-बाजों के साथ स्वागत किया। जुलूस के रूप में उन्हें सभा स्थल तक ले जाया गया।
नेताओं ने रखे विचार-अभिनंदन सभा को भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व उप जिला प्रमुख सुंदरलाल भाणावत, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, जिला महामंत्री कन्हैयालाल मीणा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। संचालन नरेंद्र पंड्या ने किया और आभार ईश्वर मीणा ने व्यक्त किया।
