भाजपा ने शहर को कर दिया चौपट, टूरिज्म सिटी को विकास की जरूरत
उदयपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने शनिवार को उदयपुर शहर विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। इससे पहले शहर में कांग्रेस की रैली निकाली गई और जनता से पक्ष में मतदान की अपील की।
कांग्रेस उम्मीदवार गौरव वल्लभ की रैली सूरजपोल स्थित हनुमान मंदिर से रवाना हुई, जो सूरजपोल, बापूबाजार, देहलीगेट पहुंची। जहां सभा आयोजित की गई। जिसमें गौरव वल्लभ ने कहा कि उदयपुर का जो विकास होना चाहिए था, वह भाजपा नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, उनके जीतने के बाद शहर के विकास को गति मिलेगी। वह यहां विकास करने के वादे तथा शहर की सूरत बदलने की नीयत की नीयत के साथ आए हैं। यहां अब हर काम की सीमा तथा तारीख तय होगा कि कब काम शुरू होगा और कब तक संपन्न हो जाएगा। वह पूरी तरह प्लान से काम करेंगे ताकि शहर तथा शहरवासियों का विकास। उन्होंने कहा अगले निकाय चुनाव में नगर निगम में भी मेयर तथा बोर्ड भी कांग्रेस का ही होगा।
उन्होंने कहा, भाजपा ने इस शहर को क्या दिया? बीस साल से यहां भाजपा का बोर्ड है और केवल तीन फ्लाई ओवर दिए हैं। टूरिज्म सिटी का हाल बिगाड़कर रख दिया है। नामांकन भरने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, उदयपुर की झील और यहां के प्राकृतिक सुंदरता यानी पहाड़ो को बचाए जाने की जरूरत है। भाजपा और उनके नेताओं ने दोनों को तबाह करने की सुपारी ले रखी है। उदयपुर में यातायात व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और वह एक जनसंकल्प पत्र भी जारी करेंगे, जिसमें उदयपुर के विकास की पूरी तस्वीर होगी। उसमें एक भी झूठी बात नही होगी। रैली में उन स्थानीय नेताओं की कमी, जो टिकट के दावेदार थे, उनकी दूरी बनाए जाने को लेकर उन्होंने कहा, हम सब एक हैं और एक ही रहेंगे।
गौरव वल्लभ के नामांकन भरने के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, पार्टी के शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, सुरेश श्रीमाली उनके साथ थे।
उदयपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने भरा नामांकन, कहा—उदयपुर की झील और पहाड़ों को बचाने की जरूरत
