उदयपुर,02 अप्रेल(ब्यूरो)। उदयपुर में मंप्स रोग तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को एक ही दिन में इस बीमारी के 22 रोगी पाए गए। जिसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर बामनिया ने बताया कि मंप्स रोगियों में नौ साल से छोटे उम्र के बच्चों की संख्या ज्यादा है। मंगलवार को उदयपुर जिले में 22 नए मंप्स रोगी मिलने के बाद चिकित्सा संस्थानों तथा मेडिकल कॉलेजों को निर्देश जारी किए गए हैंं। वह संदिग्ध रोगियों की जांच कर मंप्स रोगियों की पहचान कर समय पर रिपोर्ट करें। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मिले रोगियों में 9 साल तक के 12 बच्चे, तेरह से उन्नी वर्ष तक का एक किशोर तथा इससे अधिक उम्र के नौ युवा मिले हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वह ठंडा खाना नहीं खाएं। बच्चों में जुकाम—खांसी की शिकायत हो तो वह उनकी जांच नजदीकी चिकित्सा संस्थान पर कराएं।
मंप्स बीमारी के लक्षण
उदयपुर के मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए शहरी क्षेत्र की प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने बताया कि यदि किसी रोगी के गले में सूजन या दर्द के साथ शारीरिक कमजोरी महसूस हो रही तो उसे तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। साथ ही कान के नीचे और गले के बीच भीतर से फुंसी के समान बढ़ने वाला बड़ा हिस्सा भी मंप्स रोगी की पहचान है। उन्होंने बताया कि मंप्स रोगी का कोई विशिष्ट उपचार नहीं है। रोगी को ऐसा खाना खिलाएं जिसे चबाना आसान हो। अम्लीय खाद्य पदार्थ खाने से बचना चाहिए
उदयपुर में फैल रहा मंप्स रोग, एक दिन में मिले 22 रोगी
