रॉक क्लाइम्बिंग से लेकर रिवर क्रॉसिंग तक, छात्राओं ने साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना का दिया परिचय
उदयपुर, 14 अक्टूबर 2026 । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर की छात्राओं ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), कुल्लू में आयोजित साहसिक प्रशिक्षण शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान छात्राओं ने अपनी शारीरिक क्षमता, साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं टीम भावना का शानदार परिचय दिया।
शिविर में छात्राओं ने रॉक क्लाइम्बिंग, सीट रैपलिंग, नॉट क्लाइम्बिंग, रिवर क्रॉसिंग, बिलिगिरी क्लाइम्बिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना, जोखिम के प्रति सजग रहना, कठिन परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखना तथा सामूहिक रूप से लक्ष्य प्राप्त करना सीखा।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने विशेष उत्साह और आत्मविश्वास के साथ कठिन गतिविधियों में हिस्सा लिया। पर्वतीय एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आयोजित इन गतिविधियों ने उनके साहस, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल को और अधिक मजबूत बनाया। शिविर ने छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा चुनौतियों का निडर होकर सामना करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
इस प्रकार के साहसिक प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल शारीरिक दक्षता एवं मानसिक दृढ़ता का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों को भी बढ़ावा मिलता है।
एमपीयूएटी की छात्राओं का इस शिविर में प्रदर्शन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनकी सक्रिय भागीदारी ने यह प्रदर्शित किया कि उचित प्रशिक्षण, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर छात्राएँ कठिन से कठिन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकती हैं।
केयर टेकर ऑफिसर राम नारायण कुम्हार के मार्गदर्शन में छात्राओं ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। डॉ. विक्रमादित्य दवे, छात्र कल्याण अधिकारी (एमपीयूएटी), उदयपुर ने छात्राओं के उत्साह एवं प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के साहसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
