यूडीए से राशि मिलने के बाद भी एमपीईयूटी नहीं दे रहा पेंशन

आर्थिक तंगी से परेशान पेंशनर्स में बढ़ता आक्रोश
उदयपुर,05 अप्रेल(ब्यूरो): उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर भुगतान करने के बाद भी महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अपने पेंशनर्स को पेंशन का भुगतान समय पर नहीं कर रहा है। पेंशन के अभाव में आर्थिक तंगी से परेशान पेंशनर्स में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पेंशनर्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. एसके भटनागर, महासचिव आरके राजपूत, उपाध्यक्ष डॉ. पीसी कंठालिया, पूर्व अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर शर्मा व डॉ. सुभाष भार्गव ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि कृषि विश्वविद्यालय की ओर से अपनी जमीन उदयपुर विकास प्राधिकरण(तत्कालीन नगर विकास प्रन्यास) को जनहित में सुपुर्द की गई थी। उसमें प्रावधान किया गया था कि उक्त जमीन बेचने से होने वाली आय से प्राधिकरण द्वारा विश्वविद्यालय को राशि का भुगतान किया जाता रहेगा। उसी क्रम में प्राधिकरण की ओर से विश्वविद्यालय को हर माह 5 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाता है, ताकि पेंशनर्स को पेंशन का भुगतान नियमित हो सके। उन्होंने बताया कि अब प्राधिकरण से राशि का भुगतान होने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पेंशनर्स को पेंशन का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा।
हर साल यूडीए से मिल रहे 5 करोड़, पेंशनर को देने हैं 5.60 करोड़
वर्तमान में विश्वविद्यालय के 1365 पेंशनर हैं और उनके पेंशन राशि कुल 5 करोड़ 60 लाख रुपए बनती है। इसमें से 5 करोड़ रुपया तो प्राधिकरण द्वारा विश्वविद्यालय को दिया जाता है, शेष 60 लाख रुपए विश्वविद्यालय को व्यवस्था कर पेंशनर को पेंशन का भुगतान करना है। सोसाइटी पदाधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण से राशि मिलने के बाद भी पेंशनर्स को पेंशन समय पर नहीं मिल रही और न ही अतिरिक्त राशि के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा राजस्व अर्जित करने के कोई उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को अपनी ट्रेजरी से ही समस्त विश्वविद्यालय के पेंशनरों को पेंशन देना चाहिए। अभी कुछ विश्वविद्यालय के पेंशनर्स के सामने पेंशन को लेकर परेशानी और अड़चनें आ रही हैं। आने वाले दिनों में अन्य विश्वविद्यालयों के सामने भी इसी तरह की समस्या उत्पन्न होगी। ऐसे में सरकार समय रहते सभी विश्वविद्यालयों के पेंशनर को राज्य कर्मचारियों की तरह ट्रेजरी से पेंशन भुगतान की व्यवस्था करनी चाहिए। पदाधिकारी ने बताया कि पेंशन के अभाव में वे और उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है और वृद्धावस्था में पेंशन के लिए दर दर की ठोकरें खानी पड़ रही है।
फोटो कैप्शन ..पत्रकार वार्ता को संबोधित करते महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पैंशनर्स।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!