मोदी की गारंटी कांग्रेस की गारंटी पर भारी : पीएम मोदी

राजस्थान के राजसमंद में चुनावी जनसभा को पीएम ने किया संबोधित
उदयपुर। राजस्थान में 25 नवम्बर को मतदान होने जा रहा है और गुरुवार शाम ढलते ही चुनाव प्रचार का शोर थम गया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने राजसमंद के देवगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान से कांग्रेस का सुपड़ा साफ होना जरूरी है। उन्होंने कहा, पंजा केवल लूटना जानता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘कांग्रेस के हर झूठे वादे पर, मोदी की गारंटी भारी है।’ उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस से उम्मीद खत्म होती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। मोदी ने कहा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ करो… राजस्थान को दंगों, अपराधों, बहनों-बेटियों पर अत्याचार और भ्रष्टाचार से मुक्त करो। राजस्थान से कांग्रेस सरकार की विदाई इसलिए भी जरूरी है ताकि यहां केन्द्र सरकार की हर योजना तेजी से लागू हो।
पीएम ने यह भी कहा जबसे ‘मैंने मर्दों का प्रदेश वाला बयान सुना है, मैं अपना गुस्सा काबू नहीं कर पा रहा हूं।’ राजस्थान में गुर्जरों का जितना अपमान कांग्रेस ने किया है, वह किसी ने नहीं किया। राजेश पायलट के बेटे के लिए गद्दार, नकारा, निकम्मा जैसे शब्द उपयोग किए गए।
पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है। ये चुनाव विकसित भारत के लिए, विकसित राजस्थान की ठोस आधारशिला रखने का चुनाव है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि राज्य में समृद्ध, सुरक्षित और विकसित राजस्थान के लिए 25 नवंबर को भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए कमल के बटन पर मतदान करें।
पीएम मोदी ने कहा, ‘मेरा सौभाग्य है कि आज चुनाव अभियान की आखिरी सभा यहां देवगढ़ में हो रही है। आज देवोत्थान एकादशी भी है। आज तुलसी विवाह का पर्व है। आज श्री खाटू श्याम जी की जन्मोत्सव का पावन पर्व है। मैं देश के लोगों को, राजस्थान के लोगों को, 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज राजस्थान में बहुत सारी शादियां हैं और इन शादियों के कारण इलेक्शन कमीशन ने चुनाव की तिथि बदल दी, ताकि शादियों में रुकावट न आए। ऐसे में राजस्थान की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि पूरी जिम्मेदारी के साथ आप मतदान करेंगे।  पिछले चुनाव के मतदान से ज्यादा वोटिंग होनी चाहिए.’
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में राजस्थान को अपराध में नंबर वन बन गया जबकि भाजपा राजस्थान को निवेश में अग्रणी बनाएगी। कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार में टॉप पर पहुंचाया, भाजपा आपके राज्य को उद्योगों में अग्रणी बनाएगी। कांग्रेस ने राजस्थान को पेपर लीक में अग्रणी बनाया, भाजपा राजस्थान को शिक्षा और खेल में अग्रणी बनाएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि कल से कांग्रेस का शाही परिवार मेरे पीछे पड़ा हुआ है। राजेश पायलट जी को लेकर कांग्रेस बयान जारी कर रही है, प्रेस कांफ्रेंस कर रही है, लेकिन मेरे असली सवालों के जवाब नहीं दे रही। कांग्रेस पूरी ताकत से झूठ बोल रही है कि कांग्रेस के शाही परिवार ने राजेश पायलट का कभी अपमान नहीं किया, लेकिन मैं जो सवाल उठा रहा हूं उसका जवाब नहीं दे रही।
गहलोत जी, कौनी मिले वोट जी
पीएम मोदी ने कहा, ‘राजस्थान के इस चुनाव में हमारी माताओं, बहनों और बेटियों ने जिस प्रकार से भाजपा का झंडा उठा लिया है, वो काबिले-तारीफ है। आज राजस्थान में हर तरफ से एक ही बात सुनाई देती है- गहलोत जी, कोनी मिलै वोट जी।’
कांग्रेस जिसने जल, थल, नभ तक किया घोटाला
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में इतने घोटाले हुए, जिन्हें गिनाया नहीं जा सकता। जिसने जल, थल और नभ तक घोटाले किए। बोफोर्स घोटाले को देश कभी नहीं भूल सकता। कांग्रेस ने सबमरीन में घोटाला किया। हेलिकॉप्टर में घोटाला किया। कांग्रेसियों के लिए एक ही मंत्र था बस लूट।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!