देलवाड़ा, 11 अगस्त (ब्यूरो): राजसमंद के देलवाड़ा में कैलाशपुरी फोरलेन बाईपास पर शनिवार देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम लीलेरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास लिलेरा व बरवा के बीच नाथद्वारा की तरफ से गलत दिशा में आ रहे कंटेनर ने उदयपुर की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक के पीछे बैठे कोटड़ी थाना देलवाड़ा निवासी धनराज सालवी (55) पुत्र भग्गा की मौत हो गई तथा बाइक चालक व मीठूलाल (48) पुत्र मोहन लाल सालवी भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को अनंता अस्पताल पहुंचाया। कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रविवार को देलवाड़ा स्थित सामुदायिक चिकित्सालय में मृतक के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शराब परिवहन मामले में 18 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
देलवाड़ा, 11 अगस्त (ब्यूरो): जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब परिवहन मामले में 18 से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 15 मार्च को कानोड़ थाना पुलिस ने लुणदा पीपलीखेडा में नाकाबंदी दौरान पकड़ी दो टाटा 407 गाड़ियों से विभिन्न ब्रान्ड की अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर कैन के कुल 572 कार्टून जब्त किए थे। गाड़ियों के चालक मौके से फरार हो गए थे, जिनकी पिछले 18 महीनों से पुलिस तलाश कर रही थी। मामले में कार्रवाई करते हुए कानोड़ थानाधिकारी मुकेश चन्द्र खटीक की टीम ने टाटा 407 गाडी के फरार चालक जीत सिंह पुत्र शम्भूसिंह निवासी धावड़ी फला (वरदा) थाना धमोतर जिला प्रतापगढ को गिरफ्तार किया। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
जेल में बंद कैदियों से मिले बीड़ी के बंडल व तंबाकू
उदयपुर, 11 अगस्त (ब्यूरो): शहर के केंद्रीय कारागार में बंद कैदियों के पास से बीड़ी के बंडल, तंबाकू और गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार केंद्रीय कारागार में तैनात कांस्टेबल हनुमाना राम पुत्र गुमाना राम बिश्नोई ने जेल के अधिकारियों को सूचित किया कि कैदी युसूफ पुत्र यूनुस, सरफराज पुत्र अनिल, विशाल पुत्र अशोक, छोटू खां पुत्र वाजिद, सोनू पुत्र कालू, मिथुन पुत्र पुष्कर तथा करीम पुत्र सलीम के कब्जे से बीड़ी के बंडल, 40 ग्राम खुला तंबाकू तथा मुनका नंबर वन की 16 गोलियां बरामद की गई हैं। जेल प्रशासन ने सूरजपोल थाने में रिपोर्ट लिखवा कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
