गांव-मोहल्लों में निकलेगी टोलियां, दिलाएंगे मतदाता शपथ
डूंगरपुर, 18 अक्टूबर। निर्वाचन विभाग, राजस्थान के निर्देशानुसार इस बार विधानसभा चुनाव में डूंगरपुर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत 16 से 22 नवम्बर तक जिले की चारों विधानसभाओं में लोकतंत्र सप्ताह मनाया जाएगा। हर दिन विशेष थीम पर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्वीप प्रभारी और जिला परिषद सीईओ गितेश श्री मालवीय ने बुधवार को चारों विधानसभा के स्वीप प्रभारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर इस संबंध में व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा के स्वीप प्रभारी को तीन दिन में कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न विभागों के साथ समन्वय करते हुए टीम बनाने के निर्देश दिए।
डूंगरपुर जिले में जनजाति बाहुल्यता को देखते हुए स्वीप गतिविधियों को स्थानीय बोली और संस्कृति पर केंद्रित रखने, अधिक से अधिक संख्या में युवा, दिव्यांगजन और फर्स्ट टाइम वोटर्स को जोड़ने, साइकिल रैली, दीपदान, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, पत्र लेखन, रंगोली प्रतियोगिता आदि आयोजत करवाने के निर्देश दिए।
मतदान वाले दिन 1 पीएम स्ट्रेटजी
मतदान वाले दिन भी सभी स्वीप प्रभारियों को टोली बनाकर घर-घर जाकर दोपहर 1 बजे तक जो मतदान करने नहीं गए हैं, उनके घर-घर जाकर मतदान करने की अपील की जाएगी। वहीं, इससे पहले भी चारों विधानसभाओं में हेला टोली बनाकर, पीले चावल देकर मतदान शपथ दिलवाई जाएगी।
विभागीय सहभागिता से अभियान सफल बनाने पर चर्चा
जिला परिषद सीईओ ने सीएमएचओ, राजीविका, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, नगर परिषद डूंगरपुर, कृषि, कोपरेटिव, पशुपालन, खान सहित उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से स्वीप गतिविधियों में उनके विभागों की सहभागिता को लेकर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। शिक्षा, जनजाति क्षेत्रीय विकास और कॉलेज विभाग के अधिकारियों को विद्यार्थियों से मतदान शपथ दिलवाने, मतदान जागरूकता के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभागीय पत्राचार, अस्पताल की ओपीडी पर्ची, इंदिरा रसोई के कूपन आदि पर भी मतदान अवश्य करें का संदेश अंकित करवाने पर चर्चा की गई।
प्रमुख स्थानों पर लगेगी इलेक्शन वॉच
बैठक में डूंगरपुर और सागवाड़ा नगरीय क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर इलेक्शन वॉच लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को मतदान में कितना समय बचा है, इसका आभास करवाने के लिए नवाचार करते हुए प्रमुख स्थानों पर स्टॉप वॉच की तर्ज पर इलेक्शन वॉच लगवाने के निर्देश दिए, जिस पर मतदान दिवस 25 नवम्बर तक का काउंटडाउन प्रदर्शित होगा। इसके साथ ही चारों विधानसभाओं में साइकिल रैली, पैदल मार्च, दिव्यांगजन रैली, दीपदान, निकालकर मतदान जागरुकता का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा।
डूंगरपुर : घर-घर पहुंचेगा स्वीप का संदेश, 16 से 22 नवम्बर तक मनाएंगे लोकतंत्र सप्ताह
