बहन की शादी में आई विवाहिता की पीट—पीटकर हत्या

सैयद हबीब
उदयपुर 24 मई। भीलवाड़ा जिले में रायपुर क्षेत्र में एक विवाहिता की पीट—पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 28 साल की विवाहिता का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर मिला था। खून से लथपथ मिला महिला के शरीर पर चोटों के कई जख्म बने हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार महिला की पहचान चौहानों की खेड़ी, रायपुर निवासी मैना कंवर (28) पत्नी महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जो 15 मई को अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बागौर के मदनपुरा गांव आई थी। 20 मई को उसकी बहन की शादी हुई थी और वह बुआ के पास ही ठहरी हुई थी। बताया गया कि मंगलवार रात 8 बजे वह बुआ के घर से कुछ देर में आने का कहकर निकली थी।
देर रात नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोज कर रहे थे। सुबह गांव के बाहर एक खेत के समीप ग्रामीणों ने उसका शव देखा और उसके परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मृतका का पूरा शरीर खून से लथपथ था और शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। पता चलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मांडल सीओ कन्हैयालाल व बागौर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए मौके पर एफएसएल टीम बुलाई गई।
मौके पर बाइक के टायर के निशान मिले
पुलिस की एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बाइक के टायरों के निशान मिले। माना जा रहा है। बाइक पर एक से अधिक लोग आए और उन्होंने महिला से हाथापाई की। महिला के शरीर पर हाथापाई के निशान मिले हैं। मृतका के चेहरे व शरीर के अन्य भागों पर भी चोट के निशान हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतका व हत्यारे के बीच काफी हाथापाई हुई है। उसकी बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
पति मुम्बई में रहता है
पुलिस की अभी तक हुई जांच में यह पता चला है कि उसका पति महेंद्र सिंह मुम्बई में काम करता है और मृतका अपने दो बच्चों के साथ पीहर रह रही थी। पुलिस इस मामले में उसके पति से भी पूछताछ करेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!