फेरों से पहले डिमांड रखने का लगाया आरोप, दुल्हन ने दर्ज कराया मामला
प्रतापगढ़, 19 अप्रैल. प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट थाना क्षेत्र में कालीघाटी दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे के बारात लेकर लौटने का मामला सामने आया है। इसके बाद दुल्हन ने पीपलखूंट थाने में मामला दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी कमलचंद ने बताया कि कालीघाटी निवासी रीना कुमारी (22) निनामा ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि उसकी सगाई सुनील मईड़ा (24) निवासी माण्डवी थाना घन्टाली के साथ हुई थी। गुरुवार को पूरे घर में खुशी का माहौल था। सुनील बारात लेकर उनके घर आया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह फेरे होने थे। मगर सुबह 7 बजे फेरों के रस्म के ठीक पहले दूल्हे सुनील ने दहेज की मांग रखी। जिसमें मोटर साइकिल, चांदी व सोने की अंगूठी, बर्तन आदि की मांग की। मगर घर की स्थिति कमजोर होने से यह मांग पूरी नहीं कर पाए। जबकि बर्तन, खाट, बिस्तर, कुलर, पंखे, तिजोरी व घरेलू अन्य सामग्री कन्यादान कर रहे थे। इस पर दोनों पक्षों की ओर से बात भी की गई, लेकिन दूल्हा नहीं माना और बिना विवाह किए वहां से चले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लौटी बारात
