शक्तिनगर बोटलनेक खोलने के लिए चिन्हीकरण

जिला प्रशासन की पहल पर भवन मालिकों ने दी सहमति, लोगों के आग्रह पर विधायक भी पहुंचे मौके पर

उदयपुर, 29 मार्च। शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए आमजन को सुविधा मुहैया कराने असम के राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया की सकारात्मक पहल के बाद जिला प्रशासन के प्रयासों से शक्तिनगर बोटलनेक खोलने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में सड़क की मार्किंग करते हुए बोटलनेक के दायरे में आ रहे भवनों को चिन्हित कर लिया गया है। इस बीच क्षेत्रवासियों के आग्रह पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन भी शुक्रवार अपराह्न बाद शक्तिनगर पहुंच कर कार्य का जायजा लिया।

नगर निगम के पार्श्व से शक्तिनगर तक सड़क पर यातायात डायवर्ट करने में बोटलनेक बाधक था। असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया आमजन की समस्या के निस्तारण और शहरवासियों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने को लेकर लगातार प्रयासरत थे। जिला प्रशासन की पहल पर सड़क के दोनों छोर पर स्थित भवन मालिकों से कई स्तर की वार्ताएं हुई। इसके बाद भवन मालिक सड़क के दोनों ओर 9-9 फीट की जगह देने के लिए सहमत हुए। इस पर नगर निगम ने चिन्हिकरण किया। भवन मालिक स्वयं ही चिन्हिकरण के दायरे में आ रहे स्थलों को खाली करने में जुट गए हैं। इस बीच शुक्रवार को क्षेत्रवासियों के आग्रह पर विधायक ताराचंद जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से चर्चा करते हुए सहयोग के लिए आभार ज्ञापित किया। विधायक जैन ने कहा कि नगर निगम के पाश्र्व में स्थित सड़क की चैड़ाई पर्याप्त है, लेकिन आगे जाकर भवन स्थित होने से सड़क की चैड़ाई महज 11-12 फीट है। बोटलनेक को खोलने से करीब 30 फीट की सड़क बन सकेगी, इससे यातायात डायवर्ट करने में मदद मिलेगी और आमजन को सुविधा होगी।

इस दौरान निर्माण समिति अध्यक्ष सीए आशीष कोठारी, गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी, पार्षद मुकेश शर्मा, लोकेश गौड, भरत जोशी, मण्डल अध्यक्ष विजय आहूजा सहित निगम अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!