उदयपुर। सेक्टर-3 स्थित महावीर भवन में चंदनबाला महिला मंडल द्वारा होली मिलन समारोह एवं तपस्वी बहनों का सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल की अध्यक्ष सुशीला पोरवाल ने की।
अध्यक्ष पोरवाल ने बताया कि हाल ही में रंगों का पर्व होली संपन्न होने के उपलक्ष्य में महिला सदस्यों के लिए होली मिलन एवं स्नेह भोज का आयोजन रखा गया, जिसमें मंडल की सक्रिय लगभग 85 महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिलाएं निर्धारित पारंपरिक परिधान फागणिया में कार्यक्रम में उपस्थित हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुई।
मंडल सचिव भगवती मेहता ने बताया कि समारोह में वर्ष भर तपस्या करने वाली तपस्वी महिलाओं का माला व उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कुल 10 तपस्वी बहनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत चौबीसी का धार्मिक आयोजन भी रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने समूह में भक्ति संगीत, गीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनकी उपस्थितजनों ने सराहना की। मंडल की उपाध्यक्ष भारती सेठ एवं वित्त मंत्री रेनू जैन ने बताया कि आयोजन अत्यंत सफल और व्यवस्थित रहा तथा पूरे वातावरण में उत्साह और अपनापन बना रहा।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन नमिता मेहता ने किया। इस अवसर पर श्रावक समिति के अध्यक्ष आनंदीलाल बंबोरिया सहित विभिन्न पदाधिकारी, बहु मंडल एवं नवयुवक मंडल के अध्यक्ष-मंत्री भी आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

