उदयपुर में सिविल सेवकों का खेल महाकुंभ शुरू

12वीं अंतर्संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
8 टीमों के 800 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
उदयपुर, 5 मार्च। झीलों की नगरी उदयपुर के महाराणा प्रताप खेलगांव में गुरुवार से 12वीं अंतर्संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।

महाराणा प्रताप खेलगांव स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में आयुक्त उपनिवेशन नवनीतकुमार, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी, एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गितेशश्री मालवीया, समाजसेवी गजपालसिंह, चंद्रगुप्त सिंह चौहान, प्रदीप रवानी, जया मीणा सहित कई अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। प्रारंभ में जिला कलक्टर श्री मेहता ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा करने के साथ ही खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। जिला कलक्टर ने सभी संभागों से आई टीमों के प्रभारियों से परिचय प्राप्त कर खेलों के लिए शुभकामनाएं दी। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता को खेल प्रतिभा और आपसी समन्वय को बढ़ाने वाला मंच बताया। जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल, सचिवालय खेल प्रभारी मालती चौधरी, जिला कलक्टर कार्यालय से खेल प्रभारी सुरेंद्रसिंह चुण्डावत आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

जिला खेल अधिकारी डॉ पालीवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सातों संभागों के साथ जयपुर मुख्यालय की टीम सहित कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें तकरीबन 800 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अंत में आभार एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!