अशोका ग्रीन में संगीत प्रेमियों के लिए आयोजित होने वाले “किशोर संगीत उत्सव-2024” की तैयारियां पूरी -माधवानी

“सुरों की मण्डली द्वारा आयोजित ‘किशोर नाइट – 2024’ के तैयारी में व्यस्त कोर कमेटी के सदस्यगण”

उदयपुर – सुरों की मण्डली के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया की शोभागपुरा, 100 फीट रोड़ पर स्थित अशोका ग्रीन के ऑडिटोरियम में बहुमुखी प्रतिभाशाली, चुलबुले, रंगीले और सर्वकालिक लोकप्रिय गायक किशोर कुमार के 95 वें जन्मदिन पर सुरों की मण्डली के 95 सुर सादक़ योद्धाओं द्वारा संगीतीय ज़ंग लड़ी जाएगी, जिसमें एक से बढ़कर एक सुरीली प्रस्तुतियां दी जाएंगी.

सुरों की मण्डली द्वारा पिछले ही हफ़्ते में दर्द भरे नग़मों की पहचान स्व. मुकेश जी को समर्पित स्वरांजलि -2024 की ऐतिहासिक सफलता के बाद यह इवेंट उदयपुर के संगीत जगत् में एक और इतिहास रचने जा रही है.

इसमें सभी संगीत प्रेमियों के नि:शुल्क प्रवेश होगा. सुरों की मण्डली द्वारा इसी तरह के कुछ और प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं, जो शीघ्र मूर्तरूप लेंगे.

संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि आज आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें परफोर्मिंग सिंगर्स की सूची तथा कार्यक्रम को अन्तिम रूप देने के लिए विचार-विमर्श किया.

हमारी कोशिश होगी कि 95 सिंगर्स बैक-टू-बैक अलग-अलग मूड के गाने गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, जिसे दर्शक लम्बे अर्से तक याद रखेंगे.

मण्डली के मीडिया प्रभारी ईश्वर जैन “कौस्तुभ” ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुरों की मण्डली ने प्रत्येक सिंगर को उसका मन पसन्द गाना गाने का अवसर देकर किशोर दा को भावांजलि देने के साथ-साथ उनके म्यूजिक करियर को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य है.

सुबह ठीक 10 बजे सुर योद्धा आकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करके तथा लॉटरी द्वारा निर्धारित क्रम से सब अपनी-अपनी परफॉर्मेंस देंगे.

पिछले 15 दिनों से इस इवेंट को सफल बनाने के लिए आयोजन कोर कमेटी के सदस्य और कार्यक्रम संयोजक बृजेश मिश्रा, नारायण सालवी, प्रिंस डायमंड, महेश शर्मा और  “कौस्तुभ” दिन-रात लगकर मेहनत कर रहे हैं तथा सिंगर्स भी रोज़ाना आकर 4-5 घन्टे तक जी-तोड़ रिहर्सल कर रहे हैं.

इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण किशोर दा के गेटअप में आए सिंगर्स होंगे, जिनका ट्रांसफोर्मिंग गेटअप का मेकअप ख़्यात मेकअप आर्टिस्ट श्री अशोक पालीवाल करेंगे.

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!