प्रत्याशियों के चुनाव ’खर्च की लक्ष्मण रेखा’ निर्धारित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायतीराज आम चुनाव 2026
व्यय खातों पर रहेगी नजर
उदयपुर, 16 अक्टूबर। उदयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के दौरान निर्वाचन व्यय पर प्रभावी निगरानी रखने लिए विभिन्न वस्तुओं, सेवाओं और प्रचार सामग्री की दरों को अंतिम रूप दिया गया है। जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम चुनाव खर्च की सीमा तीन लाख रुपये, पंचायत समिति सदस्य के लिए डेढ़ लाख रुपये और सरपंच प्रत्याशी अधिकतम एक लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ की प्रभारी रागिनी डामोर ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को अपने निर्वाचन आवेदन पत्र के साथ ही व्यय लेखा प्रस्तुत करने के लिए प्रारूप ‘क’ उपलब्ध कराया गया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर प्रत्याशियों को पूर्ण व्यय विवरण इस प्रारूप में प्रस्तुत करना होगा।

नकद लेन-देन पर प्रतिबंध-पूरी चुनाव अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति या फर्म विशेष के साथ 10 हजार से अधिक की राशि नकद रूप में दान या व्यय के रूप में लेने पर प्रतिबंध रहेगा।  सभी रिटर्निंग अधिकारियों को अपने स्तर पर एक लेखा टीम का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं, जो प्रत्याशियों के व्यय खातों की मानिटरिंग करेगी।

सामग्री और सेवाओं की दरें- बैठक में टेंट, भोजन, वाहन, साउंड सिस्टम और प्रचार सामग्री जैसे पैम्फलेट, बैनर, झंडे की दरें पारदर्शी तरीके से तय की गई, जिनकी सूची सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। प्रत्याशियों को इन्हीं निर्धारित दरों के आधार पर अपना लेखा-जोखा प्रस्तुत करना होगा।  प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना करने और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

चाय-नाश्ते और भोजन का हिसाब- समर्थकों को पिलाई जाने वाली चाय 6 रूपये प्रति कप और कॉफी 9 रूपये प्रति कप में जोड़ी जाएगी। नाश्ते में छोटी कचौरी-समोसा 6 रूपये तथा बड़ा कचौरी-समोसा या आलू बड़ा 12 रूपये प्रति नग के हिसाब से जोड़ा जाएगा। पोहा प्लेट (100 ग्राम) के 12 रूपये फिक्स किए गए हैं।  जलेबी 130 रूपये प्रति किलो, लड्डू, गुलाबजामुन व रसगुल्ला 170 रूपये प्रति किलो और मावा मिठाई 280 रूपये प्रति किलो की दर से गिनी जाएगी।
साधारण भोजन थाली (रोटी, सब्जी, चावल, मिठाई) का खर्च 55 रूपये प्रति प्लेट रहेगा। वहीं, रायता और सलाद के साथ विशेष थाली 79 रूपये प्रति प्लेट के हिसाब से जोड़ी जाएगी। पूरी-सब्जी और एक नग मिठाई का 40 रूपये प्रति प्लेट तय हुआ है।

टेंट, सोफा और वीडियो वॉल का गणित- चुनावी सभाओं और चौपालों में आम जन के लिए बिछाई जाने वाली एक प्लास्टिक या पाइप कुर्सी 5 रूपये प्रतिदिन और स्टील कुर्सी 18 रूपये  प्रतिदिन में गिनी जाएगी। वीआईपी कुर्सी का किराया 110 रूपये प्रतिदिन होगा।  तीन सीटर और दो सिंगल सोफा मय सेंटर टेबल का सेट 650 रूपये प्रतिदिन में जुड़ेगा। वीडियो वॉल के लिए 280 रूपये प्रति वर्ग फीट प्रतिदिन की दर तय की गई है।

ढोल-नगाड़े, डीजे और ड्रोन की दरें-  ढोल-ड्रम बाजे (मय बजाने वाले) का खर्च 220 रूपये प्रति विजिट रहेगा। वहीं, साधारण डीजे सेट 2,200 रूपये प्रतिदिन की दर से प्रत्याशी के खाते में जुड़ेगा। ड्रोन से कवरेज का रेट 4,500 रूपये प्रतिदिन रखा गया है।

झंडे और पोस्टर- छोटे प्लास्टिक झंडे 2 रूपये प्रति नग और कपड़े के झंडे 20 रूपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से गिने जाएंगे। दीवारों पर चस्पा होने वाले पोस्टर 12 रूपये प्रति वर्ग फीट में जुड़ेंगे। फ्लेक्स बैनर 8 रूपये प्रति स्क्वायर फीट और कपड़ों के बैनर 22 रूपये प्रति स्क्वायर फीट के रेट पर तय हैं। 200 स्क्वायर फीट तक के होर्डिंग का एकमुश्त रेट 2 हजार रखा गया है। दुपट्टा या उपरना 8 रूपये प्रति नग में गिना जाएगा।

गाड़ियों का काफिला- वाहनों का प्रतिदिन (चालक एवं ईंधन सहित) का खर्च साधारण कार या जीप का किराया 2 हजार 800 रूपये प्रतिदिन जोड़ा जाएगा। वहीं, इनोवा या समकक्ष बड़ी लग्जरी गाड़ियों का रेट 3 हजार 900 रूपये प्रतिदिन रहेगा। मिनी बस 6 हजार 500 और बड़ी बस (35 सीटर से अधिक) 9 हजार रूपये प्रतिदिन में गिनी जाएगी। ई-रिक्शा 1,100, टेम्पो 1,300 और मोटरसाइकिल (मय पेट्रोल) 150 रूपये प्रतिदिन की दर से दर्ज होगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली का रेट 2 हजार रूपये प्रतिदिन रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!