अंबानी परिवार ने किया श्रीनाथजी मंदिर में 56 भोग मनोरथ
उदयपुर, 24 फरवरी(ब्यूरो): देश के सबसे अमीर उद्यमी और रिलायंस समूह के एमडी मुकेश अंबानी की मां कोकिला बेन ने शनिवार को नाथद्वारा में अपना 89वां जन्मदिन मनाया। नाथद्वारा स्थित पुष्टि मार्ग की प्रधान पीठ श्रीनाथजी की हवेली में उन्होंने अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी और अनिल अंबानी, उनकी पत्नी टीना अंबानी समेत अंबानी परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
कोकिला बेन अंबानी के जन्मदिन का प्रोग्राम करीब साढ़े चार घंटे तक मोती महल परिसर में चला। इसके बाद दोपहर ढाई बजे तक अंबानी परिवार सहित सभी मेहमानों के साथ मुंबई के लिए रवाना हो गया
कोकिला बेन बेटे अनिल के साथ शुक्रवार को आ गईं, मुकेश अंबानी शनिवार को आए
कोकिला बेन श्रीनाथजी मंदिर मंडल बोर्ड की उपाध्यक्ष भी हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर बाल स्वरूप श्रीनाथजी प्रभु के अनोखे श्रृंगार में सजागर 56 भोग मनोरथ धराया गया। रिलायंस समूह की ओर से 56 भोग मनोरथ करवाया गया था। इससे पहले कोकिला बेन शुक्रवार शाम अपने छोटे अनिल अंबानी, पुत्रवधू टीना अंबानी एवं कुछ मेहमानों के साथ नाथद्वारा पहुंच गई थी और शुक्रवार शाम को भी श्रीनाथजी के दर्शन किए थे। उन्होंने रात्रि विश्राम धीरज धाम में किया। जबकि मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी एवं अन्य परिजनों के साथ शनिवार को आए थे। श्रीनाथजी मंदिर के तिलकायत पुत्र गोस्वामी विशाल बाबा भी शुक्रवार को नाथद्वारा आ गए थे।
जन्मदिन पर मोती महल सजाया गया
कोकिलाबेन के जन्म दिन पर श्रीनाथजी प्रभु की हवेली में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। हवेली के मोती महल को पिंक कलर के फूल तथा पिंक थीम के साथ सजाया गया। कोकिला बेन के जन्मदिन के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
कोकिला बेन ने नाथद्वारा में मनाया जन्मदिन
