उदयपुर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लिया। जिसमें उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाई लाल—पीली डायरी के नाम पर डराने का काम करते हैं। यदि कोई लाल—पीली डायरी है तो वह सामने लाएं। हम कोर्ट में लड़ेंगे। किसान सम्मेलन में राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हुए। किसान सम्मेलन में 931.92 करोड़ के 409 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस में हमेशा सब मिलकर लड़ते हैं, लेकिन कैप्टन एक ही होता है। आज राजस्थान में जो काम हो रहा है, वह चीफ मिनिस्टर के नेतृत्व में हो रहा है। इसके लिए हम सभी लोगों को मदद करना चाहिए। लोगों के बीच हमें यही मैसेज देना है कि अगर फिर से कांग्रेस की सरकार आती है तो सभी सुखी और समृद्ध होंगे।
भाजपा को इंडिया से तकलीफ
खड़गे ने कहा कि भाजपा को इंडिया से तकलीफ है। इंडिया गठबंधन से वह घबराए हुए है। इसीलिए अब इंडिया की जगह ‘भारत’ कह रहे हैं। यह तो संविधान में ही लिखा है- इंडिया दैट इज भारत। हम तो पहले ही ‘भारत जोड़ो’ की बात कह रहे हैं। राजस्थान गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय का बेहतरीन मॉडल है। इस मॉडल को आपको दिखाना है। इस मॉडल के लिए काम करना है।
कट्टर स्वाभिमानी एमएलएज ने बचाई गहलोत सरकार
खड़गे ने कहा- गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित जहां-जहां भी हमारी सरकारें बनी थीं, भाजपा ने पैसा देकर, झूठ बोलकर या प्रलोभन देकर हमारी सरकारें तोड़ दीं। लोकतंत्र में जो चुनकर आते हैं, उन्हें तोड़फोड़ करके आप सरकार बनाते हो। इसके बाद नीति की बात करते हो। यह तो गनीमत है कि यहां के नेता, एमएलएज, हमारे कांग्रेस के कट्टर जितने स्वाभिमानी हैं, उन्होंने अपनी सरकार को बचा लिया। इसीलिए आज शानदार योजनाएं आ रही हैं।
कहा, कांग्रेस ने बनाया किसानों को जमीन का मालिक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, भाजपा वाले केवल कांग्रेस को गालियां देते रहेंगे। बार-बार हमसे पूछते हैं 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस ने 53 साल ही राज किया है। राजस्थान में किसान को जमीन का मालिक बनाया। लैंड रिफॉर्म का काम कांग्रेस ने किया। इंदिरा गांधी ने राजा-महाराजाओं की तनख्वाह बंद कर दी। हम ‘भारत जोड़ो’ कहते हैं तो वे ‘भारत तोड़ो’ कहते हैं। किसान सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गायों की पूजा की। इस दौरान कामधेनु योजना भी लॉन्च की गई।
भाजपा बताए, उनके कितने नेता जेल गए?
खड़गे ने कहा, हमारे लोगों को डराया जा रहा है। ईडी, सीबीआई के छापे डाले जा रहे हैं। मुझे राजनीति में 57 साल हो गए। 52 साल से विधायक और सांसद हॅूं। 13 में से मैं केवल एक चुनाव हारा हूं। कभी आरएसएस का उपयोग करते हैं, कभी धर्म का उपयोग करते हैं। भाजपा बताए कि उनकी पार्टी और आरएसएस के कितने लोग आजादी के लिए जेल गए, कोई हिसाब है।
गहलोत बोले- भाजपा की यात्राएं फ्लॉप
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, भाजपा की परिवर्तन यात्रा फेल हो रही हैं। राजस्थान ही नहीं, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। गहलोत ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की बात हो रही है, लेकिन विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया गया। यह भी विपक्ष को नहीं बताया गया कि संसद सत्र क्यों बुलाया? प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मोदी सरकार कहती है कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने क्या किया? मैं कहता हूं जवाहर लाल नेहरू ‘हरित क्रांति’ लेकर आए हैं। मोदी सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया।
मंत्री जाट ने सीएम को बताया ‘लोक देवता’
राजस्व मंत्री राामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को लोक देवता बताया है। जाट ने कहा कि गहलोत इस कलयुग में हर घर में साल भर में 70 हजार रुपए का फायदा दे रहे हैं।
भीलवाड़ा में बोले खड़गे, भाजपा लाल डायरी सामने तो लाए, फालतू में डराना बंद करे
