हुक्का—पानी कराया बंद, आईजी के आदेश पर 12 जनों के खिलाफ मामला दर्ज
उदयपुर। जिले के मण्डफिया क्षेत्र में खाप पंचायत ने एक परिवार को समाज से बाहर कर दिया। यहाँ तक कि समाज के अन्य परिवारों को उनसे हुक्का—पानी भी बंद करने को कहा गया है। पीड़ित परिवार मंगलवार को उदयपुर में पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष न्याय की गुहार लगाई है।
बताया गया कि चित्तौड़गढ़ जिले के कुरेठा गांव के राजमल गुर्जर, सांवरमल गुर्जर और उनके परिवार के सदस्य पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष पेश हुए। उन्होंने खाप पंचायत के फैसले की जानकारी दी और बताया कि उन्हें बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आईजी को उन्होंने बताया कि कुरेठा गांव के रामलाल, राजमहल, श्यामलाल व उसकी पुत्री के ससुराल वालों को 27 जुलाई को गांव के देवरे पर बुलाया गया और 16 गांव के लोगों की महापंचायत बुलाकर उसकी पुत्री पर गलत आरोप लगाकर समाज से बहिष्कृत करने का ऐलान कर दिया।
सांवरमल ने बताया कि बच्चों को भी एक—दूसरे से नहीं बोलने दिया जा रहा और उनका गांव में रहना दूभर किया जा रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने मण्डफिया थाने को दी और पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ के सामने गुहार लगाई लेकिन उनको राहत नहीं मिली। अब वह थक—हारकर उदयपुर आए हैं ताकि उन्हें न्याय मिल सके। जिसके बाद महानिरीक्षक के आदेश पर मण्डफिया थाना पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
चित्तौड़गढ़ में खाप पंचायत ने परिवार को समाज है निकाला
