कश्मीरी युवा आदान प्रदान कार्यक्रम
उदयपुर, 29 सितंबर। नेहरू युवा केंद्र उदयपुर द्वारा एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत कश्मीरी युवा आदान प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने उदयपुर का सूचना केन्द्र देखा। युवाओं ने सूचना केन्द्र में वाचनालय पुस्तकालय सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली और वाचनालय में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं से रू-ब-रू होते हुए यहां के परीक्षा पेटर्न और अध्ययन प्रणाली के बारे में जानकारी ली। युवाओं ने यहां कला दीर्घा व रंगमंच का अवलोकन भी किया। इससे पूर्व सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के सभागार में युवाओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में एपीआरओ विनय सोमपुरा व प्रतिनिधि सुनील व्यास ने विभागीय गतिविधियों व कार्यकलापों की जानकारी दी।
नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी शुभम पूर्बिया ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर प्रांत के छह जिलों से अनतनाग, बारामुला, कुपावड़ा, पुलवामा, श्रीनगर, बड़गाम सौ से अधिक युवा प्रतिभागी राजस्थान व उदयपुर की संस्कृति के बारे में जानने आए है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वतन का जानो एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता अखंडता के समर्थको के रूप में कार्य करने के लिए संवेदनशील बनाना है। इस अवसर पर भीलवाड़ा के जिला युवा अधिकारी सुमित यादव, डूँगरपुर के जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित केन्द्र के हनवंत सिंह चौहान, कुलदीप प्रजापत, गोपाल वैष्णव, सत्यवान सिंह, प्रशासनिक, जगदीश पुरी, महेश जोशी किरण पोखरना सहित युवा प्रतिभागी मौजूद रहे।
पेंशनर्स के लिए आईएफएमएस 3.0 पर कम्यूटेशन आवेदन निस्तारण की सुविधा विकसित
उदयपुर, 29 सितंबर। पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग की ओर से आईएफएमएस 3.0 पर कम्यूटेशन आवेदन निस्तारण की सुविधा विकसित की गई है।
अतिरिक्त निदेशक भारती राज ने बताया कि 30 जून 2023 के बाद सेवानिवृत कार्मिक जिनके द्वारा सेवानिवृति के समय पेंशन रूपान्तरण लिये जाने का आवेदन नहीं किया गया अथवा जिनके पेंशन प्रकरण ऑटो प्रोसेस के माध्यम से निस्तारित हुए थे व जिनमें पेंशन रूपान्तरण अधिकृति जारी नहीं की गई थी। उनके लिए आईएफएमएस 3.0 पर पेंशन रूपान्तरण की सुविधा विकसित कर दी गई है। पेंशन रूपान्तरण के लिए नियमानुसार पात्र व इच्छुक कार्मिक कम्यूटेशन हेतु आईएफएमएस 3.0 पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक आयोजित
उदयपुर, 29 सितंबर। जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। कलक्टर ने समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के उपायुक्त सुरेश कुमार खटीक ने बैठक में 117 सामुदायिक एवं 31 व्यक्तिगत वनाधिकार दावों का विवरण प्रस्तुत किया गया जिसका बैठक में सर्वसम्मति से अनुमोदन कर स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें पंचायत समिति गिर्वा 33, गोगुन्दा 4, झल्लारा 25, सलूंबर 14, झाड़ोल 4, कुराबड़ 24, सराड़ा 13 के सामुदायिक उपयोग एवं झाड़ोल 25, फलासिया 6 जनजाति व्यक्तियों को वन भूमि पर कृषि एवं आवास का अधिकार प्रदान किया गया। बैठक में उपवन संरक्षक सुगनाराम जाट, उपवन संरक्षक (वन्यजीव) अरुण कुमार डी, उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली एवं विजय राम मीणा, नवली गमेती, सदस्य वनाधिकार समिति तथा अन्य अधिकारी उपस्थिति रहे।
अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्रमिकों को दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी
उदयपुर, 29 सितंबर। दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक जगदीप सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम सीसारमा गांव में आयोजित हुआ। क्षेत्रीय निदेशक ने श्रमिक हित में संचालित विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती सुधा देवी व श्रीमती वेदबंती ने उपयोगी जानकारी दी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना पर जानकारी दी। श्रमिक को स्वच्छता का महत्व बताया। इस अवसर पर श्रमिकों को एक अक्टूबर को सुबह 10 बजे एक घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान करने हेतु प्रेरित किया और स्वच्छता शपथ दिलाई।
बिलिया में श्रमदान के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली 1 को
उदयपुर, 29 सितंबर। भारत सरकार द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा‘ स्वच्छता अभियान 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शुरू होगा। अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक गिरीश भटनागर ने बताया कि इस अभियान के तहत् राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लि. उदयपुर द्वारा ग्राम पंचायत तितरडी के ग्राम बिलिया में स्वच्छता कार्यक्रम रखा गया है जिसमें अन्य पिछडा वर्ग एवं पिछडा वर्ग के छात्रों के साथ बस्ती में साफ सफाई का कार्य करने के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया जायेगा।
