उदयपुर, 28 नवंबर : महाराष्ट्र यात्रा पर गए एक दंपति के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार अरविंद कुमार जैन निवासी सेक्टर-14 ने शिकायत दर्ज कराई कि वह और अपनी पत्नी सीता जैन के साथ 19 नवंबर को सुबह 6 बजे महाराष्ट्र यात्रा पर गया था। घर में कोई नहीं था। 25 नवंबर को पड़ोसी विजय कुमार दुग्गल ने फोन कर बताया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है और दरवाजे खुले हैं। अरविंद और उनकी पत्नी 26 नवंबर को लौटे तो पाया कि घर के ताले टूटे हुए थे और बेडरूम में रखी लोहे की तिजोरी भी टूटी पड़ी थी। चैक करने पर पता चला कि अज्ञात बदमाश घर से 1.5 लाख नकद, 2.5 तोला सोने का मंगलसूत्र, 6 ग्राम सोने की अंगूठियां, 4 ग्राम सोने के झुमके और 300-400 ग्राम चांदी की पायल और सिक्के चुरा ले गए। गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी में शामिल व्यक्तियों का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगाले जा रहे हैं।
सूने घर में सेंध लगाकर चुराए लाखों के जेवर व नकदी
