-विद्युत सप्लाई व्यवस्था में अनियमितता में डिस्कॉम प्रबन्धन सख्त
अजमेर 23 दिसंबर। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड विद्युत सप्लाई की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर है और लापरवाही के प्रकरणों में सख्त कार्रवाई कर रहा है। अभी हाल में ही हुई रिव्यू मीटिंग के दौरान प्रबंध निदेशक एन एस निर्वाण ने प्रभारी अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र में कृषि कार्य हेतु 06:00 घण्टे ब्लॉक विद्युत सप्लाई निरन्तर देने व ट्रिपिंग फ्री देने के सम्बन्ध में सख्त दिशा निर्देश जारी किये। अधिकारियों को फीडर मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से उनके कार्यक्षेत्र में आने वाले फीडर की सतत् निगरानी करने के निर्देश दिये।
प्रबंध निदेशक निर्वाण ने आगे बताया कि विद्युत सप्लाई सिस्टम व विभाग को आर्थिक हानि जैसे गंभीर कृत्यों के कारण नितेश मालव कनिष्ठ अभियन्ता व कालूराम टेक्नीशियन-।, को तुरन्त प्रभाव से निलम्बित कर उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियन्ता (पवस), सीकर कर दिया गया है। निर्वाण ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि आप सभी अपना कार्य पूर्ण ईमानदारी के साथ करे नही तो इसी तरह निगम नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही भविष्य में भी अमल में लायी जाएगी।
निलंबन का यह है मामला- डिस्कोम अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान, मुख्य अभियन्ता (अजमेर संभाग) द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार 07.11.2023 को सहायक अभियन्ता (पवस), मेड़ता के अधीनस्थ विभिन्न 33/11 केवी सबस्टेशनों का औचक निरीक्षण करवाने पर, 33/11 केवी सबस्टेशन आकेली-ए पर जांच के दौरान वी.सी.बी. पावर पैक बन्द पाया गया तथा रिएक्टर को बायपास कर विद्युत सप्लाई दी जा रही थी, जिससे पावर ट्रांसफॉर्मर को नुकसान होने की संभावना के साथ साथ निगम को वित्तीय हानि हो रही थी। दोषी कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई की गई।
