मार्ग आमंत्रण से शहर को दिया गया निमंत्रण, आज भव्य शोभायात्रा

आज भव्य शोभायात्रा, धर्मसभा
आज रेपरिया बालम फेम अशोक विश्नोई देंगे प्रस्तुति
उदयपुर, 21 मार्च। भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में 22 मार्च को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा, धर्मसभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर शहरवासियों में बहुत उत्साह और उल्लास है। कल शहरवासियों को शोभायात्रा में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया गया।
समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों, व्यापारियों एवं समाजजनों से संपर्क किया तथा उन्हें परिवार सहित शोभायात्रा में आने का न्योता दिया। मार्ग आमंत्रण के दौरान शहर में नववर्ष को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
समिति के संयोजक डॉ. परमवीर सिंह दुलावत ने बताया कि आज 22 मार्च को दोपहर 3 बजे भंडारी दर्शक मंडप (गांधी ग्राउंड) से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो चेतक, हाथीपोल, देहलीगेट, बापूबाजार, सूरजपोल होते हुए नगर निगम प्रांगण पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में संत-महात्माओं का सानिध्य, मातृशक्ति की सहभागिता एवं विभिन्न समाजों की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। लगभग 100 से अधिक झांकियां, अखाड़े, धार्मिक ध्वज एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करेंगी।
नगर निगम प्रांगण में होने वाली धर्मसभा में परमपूज्य श्री ज्ञानानन्द सरस्वती जी महाराज (कैलाश टेकरी, खमनोर) एवं परमपूज्य ब्रह्मचारी श्री श्री गुरु गुलाबदास जी महाराज (मांकड़ादेव धाम, झाड़ोल) का पावन सानिध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होगा।
धर्मसभा के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम में रेपरिया बालम फेम अशोक विश्नोई की विशेष प्रस्तुति होगी। अशोक विश्नोई मूलतः जयपुर (राजस्थान) के रहने वाले हैं और एक प्रसिद्ध रैपर, गीतकार, संगीतकार एवं निर्माता हैं।
अशोक विश्नोई मुख्य रूप से राजस्थानी लोक संगीत और आधुनिक हिप-हॉप के मिश्रण के लिए जाने जाते हैं। उन्हें वर्ष 2014 में अपने गीत “म्हारो राजस्थान” से व्यापक पहचान मिली। उनके द्वारा महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज एवं मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास पर आधारित अनेक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए गए हैं, जो युवाओं में विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।
समिति ने उदयपुरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा एवं धर्मसभा में सम्मिलित होकर भारतीय नववर्ष के स्वागत को भव्य बनाने का आह्वान किया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!