एफएसटी टीम के सिपाही से मारपीट का मामला, चैकिंग के दौरान हुआ था झगड़ा
उदयपुर। उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में कार रुकवाने पर एफएसटी टीम के सिपाही से मारपीट मामले में आरोपी पर धारा 307 लगाने के विरोध के बाद डीएसपी चांदमल सिंगारिया को जांच सौंपी गई है। सूरजपोल थाना क्षेत्र में 8 नवंबर को एफएसटी की चैकिंग के दौरान कार रुकवाने पर चालक भूपालपुरा निवासी गीतांशु पुत्र वीरेन्द्र सेठिया ने कांस्टेबल लोकेंद्र से मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने उस पर हत्या के प्रयास की धारा लगा दी। जिससे कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरी तरफ मामले में जैन समाज द्वारा गीतांशु पर धारा 307 लगाने का विरोध जता रहा है। समाज ने पुलिस से धारा 307 हटाने व मामले में वापस जांच कराने की मांग की है। जिसके बाद एसपी ने इसकी जांच डीएसपी चांदमल सिंगारिया को सौंपी है। समाजजनों का आरोप है कि चैकिंग के दौरान गीतांशु के कार से उतरने पर कांस्टेबल ने उसे पत्नी के सामने दो थप्पड़ जड़ दिए थे। इसके बाद जब कार की डिक्की खोल रहा था, तब भी उससे धक्का-मुक्की की थी। इसी में कांस्टेबल और गीतांशु दोनों गिर गए थे। मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था जिसमें पुलिस और आरोपी दोनों झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
धारा 307 लगाने के विरोध के बाद डिप्टी को सौंपी जांच
