इस मानसून सत्र में 2700 पौधे लगाने का है लक्ष्य
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंदोली में किया वृक्षारोपण
उदयपुर 4 जुलाई। राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा पर्यावरण के प्रति नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मानसून सत्र के आरंभ में सघन वृक्षारोपण किया गया। प्राचार्य प्रो दीपक माहेश्वरी ने बताया कि इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में वृक्षों की सुरक्षा, रख रखाव एवं उनके संवर्धन की पर्याप्त व्यवस्था की सुनिश्चितता करते हुए ऐसे स्थानों पर वृक्षारोपण किया जा रहा है, जहां पौधे निर्विघ्न रूप से बढ़कर वृक्ष का रूप धारण कर सके। इसी उद्देश्य से मावली तहसील की ग्राम पंचायत सांगवा के गंदोली स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ सुनीता आर्य ने बताया कि महाविद्यालय की स्वयं सेविकाओं ने गन्दोली विद्यालय में जाकर वहां के शैक्षणिक स्टाफ के साथ मिलकर 65 से अधिक आम, जामुन, आंवला आदि फलदार वृक्ष लगाएं और गांव में स्थानीय नागरिकों को भी पौधे वितरित किए। प्रथम चरण में 80 से अधिक पेड़ लगाए गये। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता आर्य, वृक्षारोपण प्रभारी शारीरिक शिक्षक गोपाल मेहता मेनारिया, अध्यापिका सुमन जोशी, उर्मिला टेलर, कविता बगड़िया, रजनी जैन, सरिता, उमा खान सहित विद्यालय के कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई
एमजी कॉलेज की एनएसएस इकाई की ओर से सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम शुरू
