समर कन्टींजेंसी प्लान में ढिलाई पीएचईडी एक्सईएन जारी किया नोटिस
डूंगरपुर, 24 मई । जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने भीषण गर्मी के मद्देनजर आमजन को पेयजल और बिजली से संबंधित समस्या न हो, इसके लिए विभागवार अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जिला कलक्टर सिंह ने शुक्रवार को पानी, बिजली और मौसमी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की। ईडीपी सभागार में आयोजित बैठक में पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से शहर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में एक घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए और यदि कोई समस्या आती है, तो तुरंत अवगत करवाएं। अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति के समय फील्ड में रहने व भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर कुलराज मीणा, डूंगरपुर उपखण्ड अधिकारी नीरज मिश्र, सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता, पीएचईडी और एवीवीएनएल के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पेयजल आपूर्ति की मॉनीटरिंग के लिए टीमों का गठन-जिला कलक्टर के निर्देश पर डूंगरपुर शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वार्ड और जोन वार टीमों का गठन किया गया है। पेयजल आपूर्ति की मॉनीटरिंग के लिए उपखंड अधिकारी डूंगरपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शहर में निर्धारित क्षेत्रवार प्रतिदिन एक घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्लान बनाया गया है और इसकी मॉनीटरिंग के लिए वार्ड और जोन वार टीमों का गठन किया गया है। टीम में पीएचईडी विभाग के जेईएन, की-मैन सहित पटवारी, भू अभिलेख निरीक्षक, नागरिक सुरक्षा कर्मचारी शामिल किए गए हैं। निर्धारित समयानुसार पेयजल आपूर्ति नहीं होने या अन्य किसी भी प्रकार से पेयजल आपूर्ति संबंधित शिकायत के निस्तारण के लिए डूंगरपुर उपखंड स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसके दूरभाष नंबर 02964-294422 है। कंट्रोल रूम सुबह 6 से रात्रि 10 बजे तक काम करेगा। प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए पीएचईडी के दो कनिष्ठ अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है।
समर कन्टींजेंसी प्लान में ढिलाई पर जिला कलक्टर सख्त-जिला कलक्टर ने एक्सईएन पीएचईडी से समर कन्टींजेंसी प्लान के तहत हैंडपम्प मरम्मत और खुदाई कार्यों व टेंकर से पेयजल आपूर्ति की प्रगति की जानकारी ली। कंन्टींजेंसी प्लान के क्रियान्वयन में ढिलाई और संतोषजनक जवाब नहीं देने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए एक्सईएन पीएचईडी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एवीवीएनएल के अधिकारियों से जिले में लोड शैडिंग की स्थिति की जानकारी ली और विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
हीट वेव और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए डोर-टू-डोर सर्वे-सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों के लिए आशा और एएनएम के माध्यम से जिले में डोर-टू-डोर सर्वे करवाया जा रहा है। जिले में अभी तक मलेरिया और डेंगू का एक भी केस सामने नहीं आया है। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव व लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया है। हीट वेव और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आशा और एएनएम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। यदि किसी घर में बुखार पीडि़त मरीज मिलता है, तो उसकी सूची बनाई जा रही है और उसके घर और आसपास पायरेथ्रिन का छिड़काव किया जाएगा। विभाग ने इस कार्य के लिए 1600 आशा और 800 एएनएम को प्रशिक्षण दिया है। हीट वेव और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्थानीय वागड़ी बोली में पेम्फलेट, पोस्टर और होर्डिंग्स के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा हैं।
