उदयसागर बांध की नहरों एवं बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर

उदयपुर, 5 अप्रैल। राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित उदयसागर बांध की नहरों एवं बागोलिया फीडर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीरेंद्र सिंह सागर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्माण सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मावली क्षेत्र में सिंचाई से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु बागोलिया फीडर का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना पूर्ण होने पर लगभग 17 गांवों की 3676 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में भी सुधार होगा।
इसके साथ ही जेआईसीए द्वारा वित्त पोषित उदयसागर बांध की नहरों के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने से रबी सिंचाई के दौरान नहरों में हो रहे सीपेज में कमी आएगी तथा टेल एंड तक समय पर जल उपलब्ध हो सकेगा।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने एवं कार्य की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता मोहित पाटीदार, कनिष्ठ अभियंता अजय सिंह गुर्जर एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!