उदयपुर, 16 अगस्त। 77वें स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय सेवा संस्थान की ओर से जगह-जगह तिरंगा वितरण किया गया। खास बात यह रही कि संस्थान के सदस्यों को वितरण के दौरान मार्ग में भी जो बच्चा खाली हाथ मिला, उसके हाथों में उन्होंने तिरंगा दिया, तिरंगा पाकर बच्चे भी खुश हुए और उन्होंने खूब लहराया।
भारतीय सेवा संस्थान के सचिव राजकुमार पालीवाल ने बताया कि मंगलवार को प्रातः वेला में शिशु भारती माध्यमिक विद्यालय, गोवर्धन विलास, प्रताप गौरव केंद्र आदि स्थानों पर तिरंगा वितरण किया गया। संस्थान का लक्ष्य 15 अगस्त तक 5100 झंडे वितरण का था, जबकि बच्चों के उत्साह के बीच इससे ज्यादा झंडों का वितरण हुआ। संस्थान की अध्यक्ष पुष्पा मूंदड़ा, समाजसेवी दिनेश भट्ट, अलका मूंदड़ा, भगवती कुमावत, संगीता मूंदड़ा, पीयूष माहेश्वरी, पंकज माली आदि ने तिरंगा वितरण के बाद स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान की अध्यक्ष पुष्पा मूंदड़ा ने अभियान का उद्देश्य बताते हुए कहा कि आज आधुनिकता की चकाचौंध में नई पीढ़ी सनातन संस्कृति के संस्कारों को भूलती जा रही है। हम नैतिक संस्कारों को खोते जा रहे हैं। व्याभिचार और भ्रष्टाचार से हर कोई त्रस्त है। इन सभी से उबरने के लिए धर्म में दी गई शिक्षाओं को समझने तथा राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों को भी समझकर उनकी पालना करने के लिए संकल्पबद्ध होने की जागरूकता के लिए यह अभियान शुरू किया गया था।