भीलवाड़ा में निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यकर्ता पर चाकू से हमला, मौत

– विरोध में भीलवाड़ा शहर में निकली रैली,मुआवजा एवं नौकरी की मांग 
 उदयपुर। विधानसभा चुनाव में भीलवाड़ा शहर से निर्दलीय चुनाव लड रहे अशोक कोठारी के कार्यकर्ता एवं उसके पुत्र पर एक  राजनैतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। जिसमें कार्यकर्ता के घायल होने एवं उसके पुत्र की मृत्यु होने से माहौल गरमा गया। निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कोठारी की अगुवाई में गुरुवार को शहर में रैली निकाल कर विरोध जताया तथा हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा विधायक पर राजनैतिक हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने एवं मृतक के परिजनों को मुआवजा तथा सरकारी नौकरी देने की मांग की। वहीं भाजपा एवं कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार शहर के लेबर कॉलोनी में चंद्र प्रकाश वैष्णव व उसके पुत्र जंयत पर बुधवार देर रात राजनैतिक विवाद के चलते तीन लोगों ने  चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान जयंत की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चिकित्सालय में घायल पिता ने बताया कि उसे फोन आया कि उसके बेटे से कुछ युवा जिनमें राहुल, प्रकाश और संजय झगड़ा कर रहे हैं। वह फैक्ट्री से विवाद स्थल पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर व उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कोठारी और उनके समर्थक देर रात चिकित्सालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने दो आरोपी राहुल और प्रकाश को सुबह डिटेन कर लिया। हमले में घायल पिता की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। चाकूबाजी की इस घटना से गुस्साए लोगों ने चिकित्सालय के बाहर ही धरना प्रदर्शन शुरु किया। गुरुवार को हजारों लोगो ने चित्रकूट धाम से स्टेशन चौराहे तक रैली निकाली। जो अम्बेडकर सर्किल पर सभा में परिवर्तित हो गई। सभा को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली, लक्ष्मीनारायण डाड़, पूर्व उपसभापति दिनेश शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल स्वर्णकार, योगेन्द्र शर्मा, गणेश प्रजापत सहित कई लोगो ने संबोधित किया। साथ ही जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ मृतक के परिजन को उचित मुआवजा एवं सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। लेबर काॅलोनी मे हुई घटना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ओम नाराणीवाल ने अपनी जन आशीर्वाद यात्रा स्थागित कर दी। इधर, भाजपा सांसद सुभाष बहेडिया, विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, नगर परिषद सभापति राकेश पाठक, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा, महासचिव महेश सोनी एवं दुर्गेश शर्मा सहित कई अन्य नेताओं ने भी जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!