आईएएस प्रशिक्षु अधिकारियों ने नारायण सेवा संस्थान में सेवा कार्यों को देखा

उदयपुर, 9 मार्च। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन, मसूरी के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के ग्यारह प्रशिक्षु अधिकारियों ने सोमवार को नारायण सेवा संस्थान का अवलोकन कर दिव्यांगजन की शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने देश के विभिन्न राज्यों से नि:शुल्क उपचार तथा कृत्रिम अंग और कैलिपर लगवाने आए दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा को समझा तथा संस्थान में उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि ग्रुप लीडर गोसिका पी आर एवं एसोसिएट ग्रुप लीडर अंकित पांडे के नेतृत्व में आए इस दल में हरिप्रसाथ एम, सुशांत कुमार, शिवानी मोहन, सक्षम भाटिया, पाटिल कृष्णा बब्रुवान, कुमुद मिश्रा, फरखंदा कुरैशी, दिव्यांश मीना और अभिषेक कुमार सिंह शामिल थे।
प्रशिक्षु दल ने संस्थान के बड़ी स्थित परिसर में दिव्यांगों की सर्जरी व्यवस्था, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के अंतर्गत संचालित सिलाई, मोबाइल और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों तथा कृत्रिम अंग-कैलिपर निर्माण कार्यशाला का अवलोकन किया। दल ने गरीब बच्चों को डिजिटल शिक्षा देने वाली नारायण चिल्ड्रन एकेडमी में बच्चों की प्रतिभा और कला-कौशल को भी रुचि के साथ देखा।
संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल ने अधिकारियों का उपरणा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया और संस्थान के नि:शुल्क सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। डॉ. विशाल अग्रवाल ने इलिज़ारोव पद्धति से दिव्यांगों के उपचार की प्रक्रिया समझाई, जबकि डॉ. मानस रंजन साहू ने कृत्रिम अंग एवं कैलिपर निर्माण की तकनीक और प्रकारों के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में महिम जैन ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!