—वन विभाग के पिंजरे में कैद खूंखार तेंदुआ
—ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
उदयपुर। जिले के सायरा थाना क्षेत्र के करदा गांव स्थित बाईपास के समीप वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक खूंखार पैंथर शिकार के लालच में खुद ही कैद हो गया। घटना गुरूवार अल सुबह की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बाईपास से गुजर रहे राहगीरों को पिंजरे से पैंथर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई, जिस पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। भारतीय जनता पार्टी मंडल उपाध्यक्ष कमलेश पालीवाल सहित शंभू सिंह, हिम्मत सिंह, रतन सिंह, ललित टेलर, डालू सिंह, भूपेंद्र सिंह और लक्ष्मी नारायण भी मौके पर पहुंचे। पिंजरे में कैद पैंथर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में भरत मेघवाल और प्रताप सिंह सहित अन्य कार्मिक शामिल थे। बताया जा रहा है कि वन विभाग ने क्षेत्र में पैंथर की लगातार मूवमेंट की शिकायत मिलने के बाद दो दिन पहले ही पिंजरा लगाया था। रविवार को दो पैंथर की मौजूदगी की सूचना के बाद विभाग ने यह कदम उठाया था। वन विभाग की टीम पिंजरे में कैद पैंथर को सुरक्षित अपने साथ ले गई। पैंथर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र में दूसरे पैंथर को पकड़ने के लिए पुनः पिंजरा लगाने की मांग की है।
शिकार के लालच में खुद फंसा शिकारी
