बांसवाड़ा में भूमि विवाद को लेकर घर फूंका

वारदात से चार घंटे पहले दिया था अल्टीमेटम, बाइक से आए आरोपी आग लगाकर चले गए  
संवाद सूत्र, उदयपुर: बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ के समीप उदयगढ़ कालाखेत में भूमि विवाद को लेकर बुधवार जाग होने से पहले तड़के एक मकान को आग लगा दी गई। इस घटना के चार घंटे पहले आगजनी करने वालों ने अल्टीमेटम भी दिया था। आगजनी करने वाले बाइक से आए और घर को फूंकने के बाद फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित शामा आदिवासी ने बताया कि भूमि को लेकर उसका गांव के कुछ लोगों से विवाद चला आ रहा था। उसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने मंगलवार रात पहले उसके खेत में पशु छोड़ दिए, जिन्होंने खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। रात 11 बजे उन्होंने घर में आग लगाकर फूंकने की चेतावनी दी थी।
पुुलिस समय पर एक्शन लेती तो नहीं होती आगजनी की घटना
शामा ने बताया कि घर में आग लगाने की धमकी को लेकर उसने कुशलगढ़ थाना पुलिस को सूचित किया था। यहां तक उसने आरोपियों के नाम भी बताए थे लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो उसका घर बच जाता। उसने बताया कि बुधवार अलसुबह तीन बजे बाद उसके घर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव के रमेश, बालू, वीर सिंह, कालू लाल, मोहनलाल, रामलाल अपने कुछ अन्य साथियों के साथ आए थे। उसके कच्चे मकान को आग लगा दी। उसने बाइक आने की आवाज सुनकर घर छोड़ दिया और सुरक्षित बच निकला लेकिन उसका घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
10 लाख से अधिक का नुकसान
आगजनी की घटना से पास ही रहने वाले उसके परिजन तथा अन्य ग्रामीण जुट गए और उन्होंने आग बुझाने की असफल कोशिश की थी। उसने बताया कि आगजनी की घटना से उसे करीब दस लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने आगजनी करने वालों की बाइक के नंबर भी नोट किए थे, जो पुलिस को सौंप दिए हैं। एक आरोपी को ग्रामीणों ने दबोच लिया था लेकिन जब उसे थाने ले जा रहे थे वह भाग छूटा। कुशलगढ़ थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मिलकर पीड़ित को आर्थिक सहायता दी है। पटवारी ने मौका मुआयना कर नुकसान का आंकलन किया है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेजी गई है। पुलिस ने आगजनी करने वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!