उदयपुर, 8 जून। उद्यान आयुक्तालय जयपुर के अधिकारियों ने उदयपुर जिले में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति जानी।
उद्यान उपनिदेशक डॉ कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि उद्यान आयुक्तालय के संयुक्त निदेशक डॉ हितेंद्र कुमार त्रिवेदी एवं संयुक्त निदेशक डॉ.रविन्द्र कुमार वर्मा ने शनिवार को जिले में उद्यानिकी योजनाओं यथा राष्ट्रीय बागवानी मिशन अन्तर्गत डांगियो का गुड़ा, ईसवाल, घासियार, लखावली व चिकलवास गांवों में किसानों के खेतों पर स्थापित पॉलीहाउस, आम, नींबू व आंवले के बगीचे, पीएम कुसुम योजना में स्थापित सोलर पम्प सयंत्रों, प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजना अन्तर्गत स्थापित ड्रिप सयंत्रों आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभान्वित किसानों से योजनाओं के बारे में चर्चा की और अधिक से अधिक लाभ उठाने व अन्य कृषकों को भी जागरूक करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान कृषि पर्यवेक्षक सत्यनारायण आचार्य भी उपस्थित रहे।
बड़गांव में अवैध नल कनेक्शन हटाए, जलापूर्ति सुचारू
उदयपुर, 8 जून। शहर से सटे बड़गांव क्षेत्र में जलापूर्ति को लेकर कथित शिकायतों पर विभागीय अभियंताओं ने निरीक्षण किया। इसमें अवैध कनेक्शन पाए जाने पर उन्हें तत्काल बंद कराया। क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू होना सामने पाया गया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहनलाल मीणा ने बताया कि बड़गांव में शहरी जल योजना उदयपुर से 48 घंटे के अंतराल में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। श्रीनाथ कॉलोनी क्षेत्र में विद्युत व्यवधान एवं पाइप लाइन लीकेज के कारण दो जलापूर्तियों में समस्या आई थी। शिकायत मिलते ही उसका समाधान कराकर शनिवार से जलापूर्ति सुचारू कर दी गई है। जलापूर्ति के दौरान कनिष्ठ अभियंता सागर शिवम शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ अवैध कनेक्शन पाए गए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। साथ ही कई जगह पर नलों से पानी व्यर्थ बहता भी पाया गया, जिन्हें बंद करा कर लोगों की समझाइश की गई। जल जीवन मिशन के तहत बड़गांव के अन्य आबादी क्षेत्र के लिए बांडी नाल में पाइप लाइन इत्यादि का कार्य कर जलापूर्ति की जा रही है। जल जीवन मिशन की गाइड लाइन के अनुसार जल वितरण प्रणाली के संचालन एवं संधारण का कार्य ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है।
पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारम्भ
उदयपुर, 8 जून। उदयपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय सहित प्रदेशभर के कॉलेजों में संचालित तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारम्भ हो गए है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. सैयद इरशाद अली ने बताया कि नवस्थापित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज दक्षिण विस्तार योजना, जोगी तालाब, उदयपुर में स्थित है एवं यहां सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल शाखाएं हैं। डिप्लोमा प्रथम वर्ष में दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थी एवं द्वितीय वर्ष पार्श्व प्रवेश में आईटीआई धारक अथवा 12वीं में विज्ञान व गणित से उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश प्राप्त कर अपना भविष्य बना सकते हैं। पार्श्व प्रवेश द्वितीय वर्ष में आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 जून 2024 है वही प्रथम वर्ष के आवेदन 10 जून से किए जा सकते है। अभ्यर्थी स्वयं की एसएसओ आईडी से ऑनलाइन या ई-मित्र पर जाकर प्रवेश फॉर्म भर सकते है।
जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम तैयारी बैठक 10 को
उदयपुर, 8 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक 10 जून को सुबह 10.30 बजे जिला परिषद सीईओ की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित होगी। एडीएम सिटी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।
