वरिष्ठ सुरों की मण्डली द्वारा गीतों की फुहार के साथ होली मिलन समारोह आयोजित

उदयपुर। ‘सुरों की मण्डली’ संस्था की वरिष्ठ विंग की ओर से अशोका पैलेस के मधुश्री बैंक्वेट हॉल में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की आराधना से हुई, जिसके बाद देर रात्रि तक संगीत और सौहार्द का संगम देखने को मिला। सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि संगीत के माध्यम से ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य लोगों को आपस में जोड़ना और समाज में एक प्रेमपूर्ण वातावरण निर्मित करना है। कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सी. पी. जैन, हेमा जोशी, एच. काज़ी और राज कुमार बापना का विशेष सहयोग रहा।

समारोह के दौरान कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से उत्सव में चार चाँद लगा दिए। हेमा जोशी ने ‘पिया तोसे नैना लागे रे’, एच. काज़ी ने ‘रंग बरसे’, और राज कुमार बापना ने ‘होली खेले रघुवीरा’ जैसे सदाबहार गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सी. पी. जैन ने ‘रंग और नूर की बारात’, दिलीप वर्मा ने ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ और सुषमा वर्मा ने ‘मोहे रंग दो लाल’ की शानदार प्रस्तुति दी। अन्य कलाकारों में विजया आमेटा, के. एस. सरदालिया, रतन पालीवाल और हर्षवृंदा दीक्षित ने भी होली के विभिन्न गीतों पर अपनी प्रस्तुति देकर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर डॉ. चन्द्र प्रकाश चितौड़ा की चाक स्टिक से निर्मित भक्त प्रह्लाद की जीवनी की लघु पुस्तिका का अनावरण मुख्य अतिथि विनोद जोशी ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने मिल-जुलकर रंगों के इस पर्व की खुशियाँ साझा कीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!