-सेवाश्रम के जाम की मुक्ति के लिए लेकसिटी मॉल वाली लिंक रोड पर फोकस होगा, जोगी तालाब पर रिंग रोड
उदयपुर । झीलों की नगरी में अब शहर से अहमदाबाद हाइवे की तरफ बढ़ी बसावट को देखते हुए पारस तिराहे पर फ्लाईओवर बनाने की तैयारी की जा रही है।
जिला कलेक्टर एवं नगर विकास प्रन्यास (यूआईटी) उदयपुर के चेयरमैन अरविंद कुमार पोसवाल गुरुवार को शहरी विकास, यूआईटी के प्रोजेक्ट और उदयपुर के भविष्य की योजनाओं को लेकर शहर में निकले। पोसवाल ने पारस तिराहे को देखकर उसके भविष्य की कल्पना खींची और कहा कि इस तिराहे पर फ्लाईओवर बनाया जाए। उन्होंने डीपीआर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उदयपुर के आयड़ पुलिया से लेकसिटी मॉल होकर सुभाषनगर होते हुए सेवाश्रम को लिंक करने वाली सड़क को भी ठंडे बस्ते से निकाला और कहा कि इस पर काम किया जाए। पोसवाल ने कहा कि लेकसिटी मॉल के पीछे से जो रोड प्रस्तावित है उसमें जो भी बोटलनेक है और कुछ खातेदार है उसको लेकर चर्चा की और अब इसका समाधान करते हुए इस रोड को बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा होते ही सेवाश्रम के पास जाकर रोड खुलेगा और जाम से मुक्ति मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि आयड़ पुलिया से सुभाष नगर को जोड़ने वाली कुल 750 मीटर इस सड़क को पूरा करने के लिए 2-3 खातेदारों की लगभग 400 मीटर भूमि व उनके निर्माण कार्य यदि समझाईश से हटवा दिए जाते हैं तो यहां का यातायात सुगम हो पाएगा। कलक्टर ने इस संबंध में संपूर्ण 400 फीट भाग का मौका मुआयना किया और इस सड़क को पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
