हरियालो राजस्थान अभियान 2.0 गुरुवार से, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

गुरुवार से जिले में होगा व्यापक पौधरोपण, जिला स्तर पर 38 लाख पौधे रोपे जाएंगे
उदयपुर, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान हरियालो राजस्थान( एक पेड़ माँ के नाम) अभियान 2.0 के अंतर्गत गुरुवार से प्रारंभ होने वाले पौधरोपण अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला परिषद सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिला परिषद सीईओ डाबी ने अभियान के तहत तय लक्ष्यों के आधार पर अधिकाधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने की दिशा में यह अभियान जनभागीदारी से सफल बनाया जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले पौधरोपण लक्ष्यों की समीक्षा की गई एवं विभागीय स्तर पर पौधरोपण हेतु बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई। सीईओ डाबी ने बताया कि जिले भर में कुल 38 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस वर्ष एमजीनरेगा, शिक्षा विभाग, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी, नगर निकाय, राजीविका, खनिज विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं को पौधारोपण हेतु लक्ष्य आबंटित किए गए हैं।

सबसे अधिक लक्ष्य शिक्षा विभाग को 10 लाख पौधों का दिया गया है। इसके अलावा डीसीएफ उदयपुर को 4.70 लाख, डीसीएफ उत्तर को 4.60 लाख, डीसीएफ वाइल्डलाइफ को 2 लाख, एमजीनरेगा को 4 लाख एवं अन्य विभागों को उनके अनुरूप लक्ष्य दिए गए हैं। कई विभागों को राज्य स्तर से पृथक लक्ष्य भी दिए गए है। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे समयबद्ध पौधरोपण सुनिश्चित करें एवं लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करें, ताकि जिले में हरियाली को बढ़ावा दिया जा सके और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस योगदान हो।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!