हत्या या हादसा, पुलिस कर रही जांच
उदयपुर, 10 दिसम्बर(ब्यूरो) : शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में जैन मंदिर के पास रविवार सुबह गुजरात के एक चिकित्सक का शव पड़ा मिला। सिर से बहते रक्त के चलते अभी पुलिस यह निर्णय नहीं कर पाई कि उसकी किसी हादसे में मौत हुई या उनकी हत्या की गई। परिजनों के आने के बाद उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसकी रिपोर्ट मिलने से उनकी मौत का कारण का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव की पहचान गुजरात के पेशेवर चिकित्सक डॉ. नरोत्तम कश्यप के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि डॉ. नरोत्तम आठ दिसम्बर 2023 को उदयपुर आए और चुंगीनाका स्थित डाउनटाउन होटल में ठहरे थे। रविवार सुबह उनका शव उसी होटल से कुछ ही दूरी पर पड़़ा मिला। बताया गया कि वह अकसर काम के सिलसिले से उदयपुर आते रहते थे। ज्यादातर इसी होटल में ठहरते थे। गोवर्धनविलास थानाधिकारी अजय सिंह राव का कहना है कि होटल तथा आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। वह होटल में ठहरे थे लेकिन सुबह कितने बजे कहां जा रहे थे या उनके साथ क्या हुआ, इसके बारे में जांच की जा रही है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि हो सकता है कि किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया हो।
उदयपुर में गुजराती चिकित्सक का शव सड़क किनारे मिला
