उदयपुर, 4 मई। सेवानिवृत्त वन अधिकारियों के समूह “ग्रीन सेवियर्स” की महत्वपूर्ण बैठक आज अरण्य कुटीर में आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और संगठनात्मक दिशा-निर्देशों पर अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में राहुल भटनागर, इन्द्रपाल सिंह मथार, ओपी शर्मा, लायक अली खान, दलपत सिंह राजपुरोहित, पीएस चुण्डावत, पीएल शर्मा, ओसी मेनारिया, आरके जैन और डॉ. सतीश कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ सदस्यों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समूह में किसी भी प्रकार की राजनीतिक सामग्री साझा नहीं की जाएगी। इसके स्थान पर केवल पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जानकारी और समाचारों को ही प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि संगठन का उद्देश्य स्पष्ट और प्रभावी बना रहे।
चर्चा के दौरान राज्य में चंदन वृक्षारोपण को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस संबंध में तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वन विभाग को आवश्यक परामर्श देने का निर्णय लिया गया, जिससे इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी तय किया गया कि सेवा निवृत्त वन अधिकारियों के संगठन द्वारा विभाग और सरकार को पत्र लिखकर मांग की जाएगी कि उन्हें वन विश्राम गृहों, अभयारण्यों एवं राष्ट्रीय उद्यानों में निःशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाए।
बैठक का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।
ग्रीन सेवियर्स की बैठक संपन्न: पर्यावरण संरक्षण और चंदन वृक्षारोपण पर जोर
