डीपीएस, उदयपुर में साहित्य उत्सव का भव्य समापन

उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर में दो दिवसीय अंतर विद्यालयी साहित्य संगोष्ठी ऑरेट क्विल का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के दूसरे और अंतिम दिवस अंग्रेजी व हिंदी कथा वाचन प्रतियोगिता तथा अंग्रेजी ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में शहर के ख्यातनाम विद्यालयों के 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के लिए राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो हेमेंद्र चंडालिया, मीरा कन्या महाविद्यालय में अंग्रेजी की विभागाध्यक्षा डाॅ. तराना परवीन तथा हिंदी की जानी मानी लेखिका डाॅ. क्षमा चतुर्वेदी निर्णायक थे। हिंदी कथा वाचन में सेंट एंथोनी स्कूल, बलीचा की वंशी बडाला प्रथम, नीरजा मोदी स्कूल की दिव्यांशी धनावत द्वितीय तथा सेंट एंथोनी स्कूल सेक्टर 4 की सृष्टि माहेश्वरी तथा डीपीएस की अविशी भारद्वाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंग्रेजी कथा वाचन प्रतियोगिता में नीरजा मोदी स्कूल की द्विशा सालवी प्रथम, सेंट एंथोनी स्कूल सेक्टर 4 की कनिष्का अग्रवाल द्वितीय तथा महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल की इरम जयपुरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में अंग्रेजी ड्रामा प्रतियोगिता में सेंट एंथोनी स्कूल बलीचा की टीम प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम द्वितीय तथा नीरजा मोदी स्कूल के टीम तृतीय स्थान पर विजेता रही। सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर आमंत्रित निर्णायकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों को उचित मार्गदर्शन देने हेतु ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन अति आवश्यक है। इससे बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है और वे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की सीख लेते हैं। प्रो वाइस चेयरमैन श्री गोविंद अग्रवाल ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि साहित्यिक गतिविधियाँ छात्रों में रचनात्मकता व मौलिकता को उजागर करती है, जिससे वे जीवन में नए दृष्टिकोण से विचार करने में सक्षम होते हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!