राज्यपाल श्री कटारिया ने किया अरण्यम् पुस्तक का विमोचन

एनटीसीए सदस्य राहुल भटनागर के वन्यजीवों से जुड़े संस्मरणों पर आधारित है पुस्तक
उदयपुर 21 अगस्त। पंजाब के माननीय राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया उदयपुर के सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक, एनटीसीए के सदस्य और ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर की हाल ही में लिखित पुस्तक अरण्यम् का विमोचन बुधवार को किया। शहर के प्रतापनगर स्थित राजस्थान विद्यापीठ के आईटी सभागार में आयोजित समारोह में राज्यपाल श्री कटारिया, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल और विद्यापीठ के वाइस चांसलर प्रो.एसएस सांरगदेवोत ने अरण्यम् पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक का अवलोकन करते हुए कटारिया ने कहा कि श्री भटनागर का न केवल उदयपुर अंचल अपितु पूरे राज्य में वन एवं वन्यजीव संरक्षण में अविस्मरणीय योगदान है। पुस्तक में वन्यजीवों से जुड़े संस्मरण अन्य लोगों को भी पर्यावरण व वन्यजीवों के प्रति आत्मीयता के लिए प्रेरित करेंगे।
इससे पूर्व श्री भटनागर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पुस्तक की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वन विभाग में सेवाकाल के दौरान ऐसे कई अनुभव रहे, जिनसे पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति लगाव बढ़ा। कई चुनौतीपूर्ण और रोचक घटनाक्रम भी हुए, जिनसे सीखने का अवसर मिला। पुस्तक में उन्हीं के चुंनिदा संस्मरणों को शामिल किया है। पुस्तक का उद्देश्य पर्यावरण व वन्यजीवों के प्रति अनुराग रखने वाली युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हुए प्रोत्साहित करना है। इस मौके पर रिटायर्ड सीसीएफ इंद्रपालसिंह मथारू, डीएफओ अजय चित्तौड़ा, रिटायर्ड डीएफओ सोहेल मजबूर, प्रतापसिंह चुण्डावत, श्रीमती बाशोबी भटनागर सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और वनाधिकारी मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!