गिरिजा व्यास को अश्रुपूरित विदाई, नारों से गूंजा उदयपुर

उदयपुर, 2 मई : कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री डॉ. गिरिजा व्यास की अंतिम यात्रा गुरुवार को उनके दैत्यमगरी स्थित आवास से अश्रुपूरित वातावरण में निकली। अंतिम यात्रा के दौरान “गिरिजा व्यास अमर रहें” और “गिरिजा व्यास ज़िंदाबाद” के गगनभेदी नारों से समूचा माहौल गूंज उठा। मानो पूरा उदयपुर शहर उन्हें अंतिम विदाई देने उमड़ पड़ा हो।
सायं 4 बजे प्रारंभ हुई अंतिम यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन भारी संख्या में शामिल हुए।
इससे पूर्व उनके निवास पर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष कचरूलाल चौधरी, शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, प्रदेश महासचिव पंकज कुमार शर्मा सहित कई नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। महिला कांग्रेस की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष शांता प्रिंस, सेवा दल की पूर्व अध्यक्ष शारदा मीणा, यास्मीन बानो सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित किया। कांग्रेसजनों ने कहा कि गिरिजा व्यास की सादगी, संघर्षशीलता और निष्कलंक सेवा हमेशा याद रखी जाएगी। उनके योगदान की भरपाई संभव नहीं।

 

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!