उदयपुर में किया रोड शो, कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
उदयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को उदयपुर शहर प्रत्याशी प्रो. गौरव वल्लभ तथा उदयपुर ग्रामीण प्रत्याशी डॉ. विवेक कटारा के समर्थन में रोड शो पर निकले। सुखाड़िया सर्कल से रवाना हुए रोड शो में कांग्रेस पार्टी के दोनों प्रत्याशी उनके साथ थे। बाद में उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री और देश के गृह मंत्री अमित शाह के बयानों को लेकर कहा कि दोनों राजस्थान का माहौल बिगाड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। कन्हैयालाल हत्याकांड में किसके लोग थे, यह सभी जानते हैं और किसकी वजह से जांच में देरी हो रही है, वह भी सबको पता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भीलवाड़ा मॉडल पूरे देश के लिए आदर्श साबित हुआ लेकिन इसकी बात यह नहीं करेंगे। आज राजस्थान में सबके लिए बीमा है और स्वास्थ्य का अधिकार का कानून हमने बना दिया है।
राज्य में चल रही विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि दूध उत्पादन में राज्य अव्वल नंबर पर है। नरेगा की तरह रोजगार की योजना राजस्थान में ही शुरू हुई। इसके बावजूद विपक्ष झूठे आरोप लगाता रहता है।
सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवरी ने मुख्यमंत्री गहलोत की गारंटियों के बारे में जनता को बताया। उन्होंने सीएम को भगवान का दूसरा रूप बताते हुए कहा कि उन्होंने दोनों हाथों से जनता को दिया और आगे देने की बात कर रहे हैं।
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सुखाड़िया सर्कल पर आधुनिक राजस्थान के प्रणेता पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया की प्रतिमा को नमन करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सुखाड़िया सर्कल से शुरू हुआ रोड शो लोक कला मंडल, चेतक सर्कल ,देहली गेट, सूरजपोल, पारस तिराहे, सब सिटी सेंटर होता हुआ परशुराम चौराहा पहुंचा, जहां सभा आयोजित हुई। सभा को उदयपुर शहर के प्रत्याशी प्रो. गौरव वल्लभ तथा उदयपुर ग्रामीण के प्रत्याशी डॉ. विवेक कटारा ने भी संबोधित किया।
गहलोत बोले—मोदी और शाह बिगाड़ रहे राजस्थान का माहौल
