—पिछोला और फतहसागर का जलस्तर 10-10 फीट किया जाएगा
उदयपुर। झीलों को भरने के लिए शनिवार मादडी बांध के गेट खोल दिए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को आकोदड़ा और अलसीगढ़ बांध के गेट खोले जाने के बाद अब तीनों बांधों का पानी झीलों में पहुंच रहा हैं इससे पिछोला और फतहसागर झील का जलस्तर बढ जाएगा।
जल संसाधन विभाग ने प्लानिंग के तहत शुक्रवार को आकोदड़ा बांध के गेट एक-एक फीट तक खोले गए थे। वहां से निकले पानी ने करीब 10 घंटे का लंबा सफर तय किया। यह पानी अमरजोक नदी और नांदेश्वर चैनल से होता हुआ देर रात करीब 11 बजे सीसारमा नदी के रास्ते पिछोला झील पहुंचा। सीसारमा नदी का गेज करीब 3 फीट दर्ज किया गया है, जिससे पिछोला के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
झीलों को भरने के इस अभियान के दूसरे दिन यानी शनिवार को मादड़ी बांध के गेट भी खोल दिए गए। विभाग का अनुमान है कि आकोदड़ा, अलसीगढ़ और मादड़ी बांधों से कुल मिलाकर करीब 55 से 60 एमसीएफटी पानी झीलों को मिलेगा। जैसे ही पिछोला झील का जलस्तर बढ़ेगा, इसका अतिरिक्त पानी स्वरूपसागर के जरिए फतहसागर झील में डायवर्ट किया जाएगा।
इन इलाकों में अलर्ट जारी किया
प्रशासन ने पानी की आवक को देखते हुए सीसारमा और नांदेश्वर क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल प्रवाह के दौरान लोग नदी और नालों से दूरी बनाए रखें। पशुपालकों को भी हिदायत दी गई है कि वे अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। झीलों में पानी की इस आवक से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आने वाले दिनों में शहर की पेयजल आपूर्ति भी काफी हद तक मैनेज रहेगी। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली दोनों झीलों का जलस्तर बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने देवास प्रोजेक्ट के बांधों से पानी छोड़ने का फैसला किया था।
मादडी बांध के खोले गेट, तीनों बांधो का पानी पहुंच रहा है झीलों में
