शादी के 4 घंटे बाद ही फरार हो गई लुटेरी दुल्हन, ने 2 लाख 20 हजार की लगाई चपत
डूंगरपुर। चैरासी थाना पुलिस ने फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी दुल्हन सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुल्हन शादी के 4 घंटे बाद ही फरार हो गई थी। कोर्ट ने आरोपी दुल्हन को जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। चैरासी थानाधिकारी अमृतलाल मीणा ने बताया कि 5 नवंबर को भातू भाई पुत्र कालू भाई रावल निवासी डूंगरा पोस्ट बिछोर फतेहपुरा जिला दाहोद गुजरात की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसमें बताया कि उसकी सगाई भिंडा गांव में नीता बेन नाम की लड़की के साथ हुई थी। बिचैलिया ललित नाम के व्यक्ति ने उसकी सगाई करवाई थी। 28 अक्टूबर को वे लड़की देखने भिंडा गांव गए थे। लड़की नीता और उन्होंने एक दूसरे को देखने के बाद रजामंदी हो गई। शादी के लिए लड़की वालों ने 2 लाख 20 हजार रुपए मांगे। जिसमें से 1 लाख 20 हजार रुपए शादी के दिन और 1 लाख रुपए शादी के एक महीने बाद देना तय हुआ। 31 अक्टूबर को शादी के लिए एक क्रुजर में 10 से 12 लोग आए। शादी के एवज में पहले से तय 1.20 लाख रुपए दिए। शादी होने के बाद शाम 5 बजे वापस जा रहे थे। करावाड़ा के पास दुल्हन ने नए कपड़े लेने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई। गाड़ी से नीचे उतरते ही पीछे से आ रही एक बाइक पर दुल्हन बैठ गई। दुल्हन को लेकर बाइक सवार फरार हो गया। इसी बाइक को दुल्हन के घर पर भी देखा था। घटना के बाद बिचैलिए ललित को फोन किया। उसने कहा कि ऐसी कई शादियां हमने करवा दी हैं। तुम्हें जो करना है कर लो। हमारी बहुत जान पहचान है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच करते हुए यमुना उर्फ नीता डामोर (30) पत्नी रमेश डामोर निवासी पालीसोड़ा फला नानका पुलिस थाना बिछीवाड़ा और बिचैलिया ललित उर्फ टाइगर (25) पुत्र देवीलाल मसार निवासी मसारो की ओबरी पुलिस थाना कल्याणपुर सलूंबर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
फर्जी शादी करवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दुल्हन सहित 2 आरोपी को कोर्ट ने भेजा जेल
