बड़ोदिया की स्वस्तिक कॉलोनी में गणेशोत्सव की धूम

33 यजमान परिवारों ने किया गजानन का अभिषेक, गणपति को लगाया 1008 मोदकों का भोग

बांसवाड़ा 2 सितंबर। जिले के बड़ोदिया कस्बे की स्वस्तिक कॉलोनी में गणेशोत्सव के तहत मंगलवार को विशेष पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुए। पिछले 27 वर्षों से इस कॉलोनी में आस्था और उल्लास के साथ प्रतिवर्ष सृजन युवा मंच द्वारा विधिविधान से श्री गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ गणेशोत्सव आयोजित किया जाता रहा है।

33 यजमान परिवारों ने किया गणपति अभिषेक :

गणेशोत्सव के तहत आज यहां मुख्य यजमान श्रीमती शांता देवी–लीलाराम शर्मा के नेतृत्व में 33 यजमान परिवारों ने मिलकर विशेष पूजा-अर्चना की। पंडित किशोर शुक्ला के आचार्यत्व में विप्रवरों ने सुबह ब्रह्म मुहूर्त में षोड्षोपचार विधि से भगवान गणेश प्रतिमा का अभिषेक किया गया।

महा आरती से गूंजा परिसर :
पंडित शुक्ला ने बताया कि विशेष पूजन और अभिषेक के बाद सामूहिक महा आरती का आयोजन हुआ। इस दौरान गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करते हुए भक्तों ने भगवान गणेश से सर्वतोमुखी समृद्धि की मंगलकामना की।

1008 मोदकों का भोग
इस मौके पर गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ के साथ यजमानों द्वारा गणपति बप्पा को 1008 मोदकों का भोग अर्पित किया गया। भजन-कीर्तन और मंगलध्वनियों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।

अभिनंदन समारोह भी हुआ :
सृजन युवा मंच द्वारा इस मौके पर गांव के नाथजी मुखिया, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उमेश जोशी, मंच के वरिष्ठ सदस्य डॉ. कमलेश शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के विकास भट्ट, पुलिस चौकी के एएसआई लालसिंह का शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर लीलाराम शर्मा, हीरालाल शर्मा, रणछोड़ पाटीदार, जगदीश जोशी, चन्द्रेश्वर जोशी,कैलाश जोशी,
दिनेश जोशी, जयप्रकाश जोशी, सुरेश सोनी, सुशील सोनी, दिनेश पाठक सहित युवा मंच के सदस्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जारी हैं धार्मिक आयोजन:

गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ ही 10 दिन तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक आरती जारी है। कॉलोनीवासियों के साथ ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल होकर गणेशोत्सव की भक्ति और आनंद का अनुभव कर रहे हैं। इस दौरान स्वस्तिक कॉलोनी में गणेशोत्सव के उल्लास के साथ हर ओर “गणपति बप्पा मोरया”…के स्वर गूंजते रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!