उदयपुर। प्रतिभा, परिश्रम और लगन का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उदयपुर के युवा कराटे खिलाड़ी आराध्य चौधरीने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। 4 से 7 जून तक देहरादून में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में आराध्य राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आराध्य ने गत माह जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में 10 वर्ष आयु वर्ग एवं 35 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस शानदार उपलब्धि के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में किया गया। विशेष बात यह है कि आराध्य ने अपने पहले ही राज्य स्तरीय मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल किया, जो उनकी असाधारण प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है।
एसेंट स्कूल, उदयपुर के छात्र आराध्य को कराटे की बारीकियां उनके पिता पंकज चैधरी ने सिखाई हैं। पंकज चौधरी स्वयं कराटे प्रशिक्षक होने के साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी रह चुके हैं। पिता के अनुभव और मार्गदर्शन ने आराध्य की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आराध्य के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन से परिवार, विद्यालय और खेल जगत में गर्व और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों ने विश्वास जताया है कि आराध्य देहरादून में शानदार प्रदर्शन कर न केवल राजस्थान बल्कि उदयपुर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले आराध्य चैधरी अब राष्ट्रीय मंच पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।
स्वर्णिम सफलता से राष्ट्रीय मंच तकःदेहरादून में राजस्थान का दम दिखाएंगे उदयपुर के आराध्य चौधरी
