उदयपुर। विभिन्न देशों की अलग—अलग संस्कृति तथा रीति—रिवाजों पर अध्ययन करने के लिए दुनिया की सैर के लिए निकला फ्रांसीसी युवक लुकस लिवरडन मंगलवार को उदयपुर पहुंच गया। लुकस की वैश्विक यात्रा को लेकर खास बात यह है कि वह अलग—अलग लोगों से लिफ्ट लेकर ही पहुंचा है और आगे की यात्रा भी लिफ्ट लेकर करेगा।
लुकस ने बताया कि उसकी यात्रा की शुरूआत फरवरी 2023 में हुई थी। जब वह अपने घर से निकला था, तब उसने इरादा बना लिया कि उसका तरीका विलग होगा। इसीलिए उसने अपनी रोमांचक सफर को लिफ्ट लेकर जारी रखने का निर्णय लिया। पांच महीने के सफर में वह 16 हजार किलोमीटर तक सफर अलग—अलग लोगों से लिफ्ट लेकर पूरा कर चुका है। मंगलवार को वह इसी तरीके से उदयपुर पहुंचा।
पांच सौ किलोमीटर तक की लिफ्ट भी मिली
लुकस ने बताया कि अपनी सोलह हजार किलोमीटर की यात्रा में उसे एक किलोमीटर से लेकर पांच सौ किलोमीटर की यात्रा के लिए लिफ्ट ली। हाईवे पर पहुंचने के बाद ज्यादातर ट्रक ड्राइवर तथा कार ड्राइवरों के जरिए लिफ्ट मिली। जिससे वह एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचा। रात होने पर वह अकसर स्थानीय लोगों की मदद से उनके घरों पर ठहरता है। कई जगह लोगों ने उनके ठहरने के लिए उसे अपने घर पर आमंत्रित किया और कुछ रात ऐसी भी निकली कि उसे टेंट लगाकर सड़क किनारे बितानी पड़ी। उदयपुर के बाद वह गुजरात की ओर अपनी यात्रा जारी रखेगा।
पाकिस्तान से ट्रांजिट वीजा से आया भारत
लुकस भारत में प्रवेश करने से पहले पाकिस्तान की यात्रा कर चुका है। ट्रांजिट वीजा के जरिए सने भारत में प्रवेश किया और अभी तक चार राज्यों की यात्रा पूरी कर चुका है। उसने बताया कि वह चाहता था विमान, ट्रेन या अन्य माध्यमों से भी अपनी यात्रा पूरी कर सकता था लेकिन लिफ्ट लेकर यात्रा पर निकलने के यूनिक आइडिया उसे विश्व भर में पहचान मिलने लगी है।
पेशे से मेकेनिकल इंजीनियर है लुकस
लुकस का कहना है कि वह पेशे से एक मेकेनिकल इंजीनियर है। उसका शौक लोगों के बीच जाकर उनके रीतिरिवाज के बारे में जानना रहा हैं। इसी बचपन के शौक को पूरा करने के लिए उसने विश्व की यात्रा का निर्णय लिया।
अजरबैजान में कर लिया था गिरफ्तार, जेल में बितानी पड़ी रात
लुकस ने बताया कि अजरबैजान में यात्रा के दौरान उसे वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उस पर विदेशी जासूस होने का शक जताया गया था और उसे एक रात जेल में बितानी पड़ी। हालांकि बाद में उसे रिहाई मिल गई थी। उसने बताया कि उसके पास सभी देशों के वीजा हैं। भारत में वह एक साल बिता सकता है। भारत में आने के बाद वह दलाईलामा से मिल चुके हैं। आगरा तथा अमृतसर पहुंच चुके हैं।
लिफ्ट मांगकर दुनिया की सैर पर निकला फ्रांसीसी युवक उदयपुर पहुंचा
