रकमपुरा स्कूल उदयपुर में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित, सर्वाइकल कैंसर व PCOD पर दी गई जानकारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 02अक्टूबर 2026। कंस्यूमर प्रोटेक्शन आर्गेनाईजेशन एवं लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव के संयुक्त तत्वावधान में रकमपुरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निःशुल्क मेडिकल कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं आमजन की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता AIIMS उदयपुर में जनरल सर्जरी विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. (ले. कर्नल) संगीता तिवारी ने विद्यार्थियों को सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बीमारी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित बचाव के उपाय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर एवं PCOD से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

डॉ. तिवारी ने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को इसके सीमित एवं निर्धारित समय तक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित दिनचर्या और अच्छी आदतें अपनाना आवश्यक है।

शिक्षा के साथ संस्कार और स्वास्थ्य भी जरूरी

कंस्यूमर प्रोटेक्शन आर्गेनाईजेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और अच्छा स्वास्थ्य जीवन की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने बच्चों को माता-पिता एवं परिवार के प्रति सम्मान का भाव रखने, अच्छे संस्कार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

नेत्र एवं दंत परीक्षण कर दिया स्वच्छता का संदेश

शिविर में डॉ. नरपत सिंह राजपुरोहित ने विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया, जबकि डॉ. हितांश पुजारी ने दंत परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। विद्यार्थियों को नियमित नेत्र एवं दंत जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति समय रहते जागरूक रहने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लायंस क्लब उदयपुर मेवाड़ गौरव की अध्यक्ष लायन डॉ. कल्पना शर्मा, सचिव लायन सी.पी. शर्मा, विमल जी सहित क्लब एवं उपभोक्ता सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर लायन डॉ. कल्पना शर्मा ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं उपभोक्ता सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष प्रवीण नाहर ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ समाज में स्वास्थ्य एवं उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करना है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!