उदयपुर: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में शुक्रवार देर रात बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में चार गुजराती युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। जिसे डूंगरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए तथा उसमें फंसे शवों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर रात दो बजे हुआ। तब रांग साइड से आ रही एक कार सामने तेज रफ्तार से आ रही बस से टकराई। जिसमें कार में सवार चार युवकों की मौत हो गई, जो सभी गुजरात के शामलाजी के रहने वाले बताए जा रहे हं। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी मदनलाल खटीक ने बताया कि खजूरी की नाल में हुए हादसे में वेणपुर शामलाजी निवासी सतीश भाई (25)पुत्र कावजी भगोरा, अंकित (25)निनामा पुत्र चिमन भाई, खारी—शामलाजी निवासी रवि (23)पुत्र कस्तूर भाई निनामा तथा कुनल रेंडलाावाड़ा निवासी कौशिक (21) पुत्र अशोक कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि गेड ईसरी गुजरत निवासी हिरेन भाई(40) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार डूंगरपुर के जिला अस्पताल में जारी है और वह आईसीयू में भर्ती है।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का बोनट तथा ड्राइवर सीट के परखच्चे उड़ गए। कार में शव बुरी तरह फंस गए थे जिन्हें दो घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
डूंगरपुर में बस और कार में भीषण टक्कर, चार गुजराती युवकों की मौत
